

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर के समीप लालगुवाड़ी गांव में बीती रात पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापामार कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मंदिर के पास टीनशेड में छिपकर जुआ खेल रहे आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1 लाख 85 हजार रुपए नकद, ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। मौके से तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं। खास बात यह है कि जुआ अड्डा संचालक राजू टांक और पीयूष जैन बार बार जगह बदलकर अरसे से जुए के अड्डे संचालित कर पुलिस को बेखौफ चुनौती दे रहे थे। पुलिस कार्रवाई में मौके से भागने के दौरान गिरने से दोनों शातिर आरोपियों के पैर फ्रैक्चर हुए हैं।
रतलाम एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि शुक्रवार रात डीडी नगर थाना क्षेत्र के लालगुवाड़ी गांव में जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। इस पर डीडी नगर और माणकचौक थाने की संयुक्त टीम गठित की गई। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव और माणकचौक थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब 12 बजे मंदिर के पास बने टीनशेड पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद जुआरियों में भगदड़ मच गई। भागने के प्रयास में अड्डा संचालक राजू टांक और पीयूष जैन गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल 9 आरोपियों को पकड़ लिया।
सड़क पर लंगड़ाकर चले शातिर आरोपी
शनिवार दोपहर पुलिस जब आरोपियों को कोर्ट लेकर जा रही थी, तभी बाजना बस स्टैंड के पास वाहन खराब हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मी कुछ दूरी तक आरोपियों को पैदल लेकर चले। इस दौरान सड़क पर जुआरियों का जुलूस जैसा नजारा दिखाई दिया और शातिर जुआ अड्डा संचालक राजू टांक और पीयूष जैन अन्य गिरफ्तार जुआरियों के सहारे सड़क पर लंगड़ाकर चले। इसके बाद में दूसरे वाहन से सभी आरोपियों को कोर्ट पहुंचाया गया।
धार और झाबुआ के जुआरी भी मिले
पुलिस कार्रवाई में रतलाम के अलावा धार और झाबुआ जिले के निवासी भी जुआ खेलते पकड़े गए। आरोपियों के पास से 1 लाख 85 हजार रुपए नकद, ताश के पत्ते, बैटरी, हैलोजन लाइट और वायर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, बाइक क्रमांक MP 43 DM 3268 और गुजरात पासिंग कार क्रमांक GJ 19 AF 2965 भी पुलिस ने जब्त की है।
थाने में आरोपियों से मिलने वालों का लगा जमावड़ा
कार्रवाई के बाद शनिवार को डीडी नगर थाने में आरोपियों से मिलने वालों की भीड़ जमा रही। थाने के अंदर और बाहर उनके परिचित आते-जाते रहे। दोपहर में एएसपी राकेश पंद्रों, एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया भी थाने पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद कई लोग रवाना हो गए। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार, राजू टांक के खिलाफ पहले से अवैध शराब और मारपीट सहित 7 से 8 मामले दर्ज हैं। उसके द्वारा लंबे समय से जुए का अड्डा संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
1) राजू टांक (40) पिता बालाराम टाक, निवासी सांवरिया मंदिर के पीछे, करमदी रोड, थाना माणकचौक, रतलाम।
2) पीयूष जैन (35) पिता राजेंद्र जैन, निवासी रामगढ़, थाना माणकचौक, रतलाम।
3) जगदीश (45) पिता सोमाजी भाभर, निवासी ग्राम लालगुवाड़ी, थाना दीनदयाल नगर।
4) भरत (20) पिता नागजी भुरिया, निवासी ग्राम बोरदा, थाना दीनदयाल नगर।
5) अक्षय (30) पिता राकेश टाक, निवासी करमदी रोड, चमारिया नाका, थाना माणकचौक।
6) अबरार (27) पिता जाकिर हुसैन, निवासी रेल नगर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम।
7) मुकेश (30) पिता रामा मावी, निवासी ग्राम कजलोरा, थाना राजगढ़, जिला धार।
8) नागरसिंह (60) पिता भीमा मईडा, निवासी विवेकानंद कॉलोनी, झाबुआ।
9) इमरान (30) पिता इकबाल खान, निवासी भोज मार्ग, झाबुआ।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



