
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के अरिहंत परिसर में रहने वाले पुलिस विभाग के कार्यवाहक प्रधान आरक्षक अब्दुल हुसैन पठान की मंगलवार रात करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे अपने घर में कूलर में पानी भर रहे थे। अचानक करंट की चपेट में आने से वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चलते कूलर में पानी भरते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि अब्दुल हुसैन पठान चल रहे कूलर में पानी भर रहे थे। इसी दौरान करंट लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही अचेत हो गए।
एसपी कार्यालय की डीसीआरबी शाखा में थे पदस्थ
मृतक अब्दुल हुसैन पठान पुलिस विभाग में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे एसपी कार्यालय की डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (डीसीआरबी) शाखा में पदस्थ थे। उनकी अचानक मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। अब्दुल हुसैन पठान अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है और फिलहाल किसी से बातचीत करने की स्थिति में नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन सहित अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अधिकारियों ने मृतक के निवास पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी जुटाई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


