
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले में ओवरलोडिंग के चलते हादसे में एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। सैलाना क्षेत्र में एक बार फिर ओवरलोड वाहनों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार सुबह ग्राम सकरावदा के पास एक ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम फूफीरुड़ी से सैलाना की ओर आ रहा यात्रियों से भरा ऑटो सुबह करीब 7 बजे अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया। दुर्घटना में ग्राम फूफीरुड़ी निवासी सुरेश खराड़ी की पुत्री कविता खराड़ी (14) ऑटो के नीचे दब गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
हादसे में रेखा (25) पति शंकर खराड़ी तथा काली पति मोहन मईड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने कविता को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायल महिलाओं का उपचार जारी है।
कार्रवाई के बावजूद नहीं सुधरा चालक
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो पर दो दिन पहले ही ओवरलोड सवारियां भरने के कारण 15 हजार रुपए का चालान किया था। इसके बावजूद चालक नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां बैठा रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


