


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर हैं। हादसा शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कजलिया पाड़ा के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार अर्टिंगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक से टकराने के बाद काफी दूर तक घिसटती हुई पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।



तीन महिलाओं समेत चार की मौत
कार क्रमांक MP 09 DL 8098 में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में जतीन, पैपी, रानू और लिशा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में अरुण, मीना, रवि, तिशा और दक्ष घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे भी बताए गए हैं। ड्राइवर रवि झाबुआ जिले के जोबट का रहने वाला है।



लोगों को निकालने के लिए करनी पड़ी मशक्कत
टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए। कुछ लोग किसी तरह कार से बाहर निकल पाए। सूचना मिलने के बाद एनएचआई की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। संजय चरपोटा, पायलट प्रताप सहित अन्य कर्मचारियों ने घायलों को प्राथमिक सहायता दी। शिवगढ़ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पहले पहुंची एंबुलेंस फिर आई क्रेन
स्थानीय लोगों से हादसे की सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस स्टाफ रात करीब 11:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गया। इसके कुछ ही देर बाद रात 11:55 बजे क्रेन भी मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को निकालने के बाद घायलों को दो एंबुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े थे और इंदौर, धार तथा झाबुआ जिलों के रहने वाले थे। परिवार खाटूश्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहा था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। झाबुआ जिला नजदीक होने के कारण वहां से परिवार के कुछ सदस्य रात में ही रतलाम पहुंच गए।
खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक में खराबी आने के कारण उसे एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़ा किया गया था। बताया जा रहा है कि रात के समय कार की रफ्तार अधिक थी। इसी दौरान चालक को सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और ट्रक के सड़क किनारे खड़े होने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


