
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश की रतलाम (Ratlam) पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान छह बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी पुराने विवाद के चलते विरोधी पक्ष को धमकाने या हमला करने की तैयारी में थे।

शुक्रवार को रतलाम एसपी अमित कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुरुवार रात थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी गायत्री सोना और उनकी टीम सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पल्सर बाइक और एक एक्टिवा पर सवार छह युवक तेज रफ्तार में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
दो बदमाशों से मिली अवैध पिस्टल
तलाशी के दौरान पल्सर बाइक चला रहे रोहित उर्फ कृष्णा माली के पास से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं एक्टिवा सवार जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू के कब्जे से एक अन्य अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले।
लाइसेंस और दस्तावेज भी नहीं थे
पुलिस ने जब आरोपियों से हथियारों के लाइसेंस और वाहनों के दस्तावेज मांगे तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिस्टल, छह कारतूस, पल्सर बाइक और एक्टिवा जब्त कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.80 लाख रुपये आंकी गई है।
रेलवे क्षेत्र में सक्रिय था गिरोह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी रेलवे क्षेत्र में सक्रिय एक गैंग से जुड़े हुए हैं। इनका किसी अन्य समूह से पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते आरोपी हथियार लेकर निकले थे। जांच में जुए और सट्टे के लेन-देन से जुड़े पहलू भी सामने आ रहे हैं।
बड़ी वारदात से पहले पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार यदि आरोपियों को समय रहते नहीं पकड़ा जाता तो किसी गंभीर घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी व्यक्ति या समूह को धमकाने की योजना बना रहे थे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने रोहित उर्फ कृष्णा माली (19), वरुण उर्फ बंटी भार्गव (23), अबरार हुसैन (26), जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू सोलंकी (34), दीपेश उर्फ छोटा गोलू (22) और दीपांशु डाबी (20) को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
हथियारों के स्रोत की जांच जारी
रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्हें अवैध पिस्टल और कारतूस कहां से मिले। पुलिस रिमांड लेकर उनसे विस्तृत पूछताछ करेगी, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


