Big Breaking – सैलाना उपजेल से विचाराधीन बंदी जस्सू फरार

सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज।
सैलाना उपजेल से अपहरण और दुष्कर्म के आरोप का विचाराधीन बंदी जस्सू उर्फ दशरथ डिंडौर (25) निवासी दानपुर जेल सुरक्षा को चकमा देकर फरार हो गया। जेल प्रशासन फरार विचाराधीन बंदी को दीवार फांदकर भागने की बात कह रहा है जबकि सूत्रों के अनुसार फरार बंदी जेल प्रशासन अधिकारी के घर के बगीचे की घास उखाड़ने के दौरान फरार हुआ है।

उपजेल से बंदी के फरार होने के बाद प्रभारी जिला जेल अधीक्षक वीवी प्रसाद सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी ने पहुंच जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार फरार बंदी जस्सू उर्फ दशरथ सुबह करीब 9 बजे फरार हुआ है। उसके खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण का प्रकरण दर्ज था। करीब 1 माह पूर्व आरोपी जस्सू को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के आदेश पर सैलाना उपजेल में भेजने के आदेश हुए थे। विचाराधीन बंदी जस्सू के फरार होने के बाद दोपहर 12 बजे तक जेल प्रशासन अपने स्तर पर खोजबीन कर रहा था। इसके बाद भी बंदी का पता नहीं चलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

दोपहर करीब 2 बजे उपजेल सैलाना में प्रभारी जिला जेल अधीक्षक वीवी प्रसाद, एसडीएम कामिनी ठाकुर एवं एसडीओपी संदीप निगावत सहित थाना प्रभारी मनोज पाटीदार ने पहुंच जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारींयों से जानकारी जुटाई। सैलाना पुलिस उपजेल से फरार विचाराधीन बंदी जस्सू उर्फ दशरथ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर रही है।