– पुलिस को चकमा देने के लिए डॉ. जोशी साथियों के साथ भूमिगत
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज।
भाजपा नेता पर रंजिश को लेकर हमला करने वाला आरोपी डॉक्टर चंद्रप्रकाश जोशी सहित उसके साथी सात दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी डॉ. जोशी वारदात के बाद साथियों के साथ अंयत्र भाग गया है। सैलाना पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी।

गौरतलब है कि सैलाना के पैलेस रोड़ स्थित मेडिकल स्टोर्स संचालक और भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक प्रदीप शर्मा के साथ सैलाना के मूल निवासी डॉ. चंद्रप्रकाश जोशी (हाल मुकाम रतलाम) द्वारा पुरानी रंजिश के चलते सात दिन पूर्व हमला किया था। आरोपी डॉ. जोशी सहित उसके साथी वारदात के बाद भीड़ जमा होने पर फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे। फरार चल रहे डॉ. जोशी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह था पूरा घटनाक्रम
21 जून -2023 को पैलेस रोड स्थित आशीर्वाद मेडिकल स्टोर्स संचालक और भाजपा नेता शर्मा दुकान पर बैठे थे। शाम करीब 7.30 बजे आरोपी डॉ. जोशी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। इस दौरान आरोपी डॉ. जोशी ने भाजपा नेता शर्मा से की पेट दर्द की दवाई मांगी। भाजपा नेता शर्मा दवाई लेने जैसे ही झुके तभी आरोपी डॉ. जोशी और उसके साथ आए अज्ञात आरोपियों ने गाली-गलौज के साथ लात-घुसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लोहे की रॉड से दुकान में तोड़फोड़ कर मौके से भाग गए थे।
आरोपियों की तलाश जारी
भाजपा नेता शर्मा पर हमला करने वाले फरार आरोपी डॉक्टर एवं उसके साथियों की तलाश जारी है। आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। – अय्यूब खान, टीआई- सैलाना थाना (मध्यप्रदेश)