

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम-इंदौर (Ratlam-Indore) फोरलेन पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले बारिश के दौरान एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रतलाम और बदनावर से 3-4 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच रतलाम (Ratlam) मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे में कुल 28 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बारिश के दौरान कर्व पर बिगड़ा बस का संतुलन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी। जिस स्थान पर बस पलटी, वहां सड़क पर कर्व टर्न है। आशंका है कि तेज रफ्तार में बस मोड़ पर पहुंचने के बाद अनियंत्रित हो गई और पलट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस स्थान पर पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। हालांकि पुलिस अभी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
कई यात्रियों को फ्रैक्चर, गंभीर स्थिति में कोई नहीं
हादसे की सूचना मिलने के बाद बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के अनुसार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें लगी हैं।
भीलवाड़ा से नासिक जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार निजी स्लीपर बस राजस्थान के भीलवाड़ा से महाराष्ट्र के नासिक जा रही थी। बस में मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और अन्य क्षेत्रों के यात्री सवार थे। हादसे के बाद घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल
रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचाररत घायलों में सैकिब (55), साजिआ (12), मुन्नी (50), कोसर (18), नाजीया (12), साबीर (28), वली मोहम्मद (55) और हमजा (23) सहित कई यात्री पिपलियामंडी क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं निहाल हनीफ (60), फारीना (38), मन्नू (6), आयान (23) और अमीना (51) नासिक निवासी बताए गए हैं। घायलों में भीलवाड़ा निवासी कमलेश (30), राजकुमार (33), भेरूलाल (37), रवि (30) और कृष्णा (26) भी शामिल हैं। इसके अलावा नारसिंहगढ़ निवासी अमीर कुरेशी (32), कानपुर निवासी मुख्तार कुरेशी (50), रतलाम निवासी हुसैन साबीर मोमीन (52), मल्हारगढ़ निवासी अरबा (12) और साईना (40), महाराष्ट्र निवासी अनीता (30), उदयपुर निवासी रुपाराम (42) तथा मंदसौर निवासी फिरोज (42) भी घायल हुए हैं।
क्रेन से बस को कराया सीधा, सुबह तक चला रेस्क्यू
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पलटी बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया। रतलाम के पुलिस अधिकारी भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस बल सुबह करीब 4.30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


