

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह में शनिवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए 7 बाल अपचारी फरार हो गए। भागने से पहले उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान पर हमला किया। बताया जा रहा है कि बाल अपचारियों ने सो रहे जवान को घेरकर लाठी-डंडे से पीटा और उसके बाद मेन गेट की चाबी निकालकर ताला खोला और परिसर से फरार हो गए।
घटना की सूचना रात करीब 3 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने जिले के सभी थानों को अलर्ट कर तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 6 बाल अपचारियों को रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली के पास पकड़ लिया। एक बाल अपचारी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गंभीर अपराधों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार फरार हुए सभी बाल अपचारियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। इनके खिलाफ गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। इनमें दो के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, दो पर दुष्कर्म, एक पर रंगदारी, एक पर हत्या और एक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
सो रहे होमगार्ड को घेरकर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की है। उस समय एक होमगार्ड जवान बाल संप्रेषण गृह के चैनल गेट के पास बिस्तर पर चादर ओढ़कर सो रहा था। इसी दौरान सातों बाल अपचारियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उसे घेर लिया। एक बाल अपचारी के हाथ में लठ था, जिससे उसने सबसे पहले होमगार्ड पर हमला किया। इसके बाद अन्य बाल अपचारी भी जवान से मारपीट करने लगे। हमले में होमगार्ड के सिर में चोट आई है। घायल जवान की पहचान चंद्रकांत पिता जानकी बल्लभ शर्मा के रूप में हुई है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है।
चाबी निकालकर खोला चैनल गेट का ताला
मारपीट के बाद बाल अपचारियों ने बिस्तर के नीचे रखी मेन शटर गेट की चाबी तलाश की। चाबी मिलने के बाद उन्होंने चैनल गेट का ताला खोला और फिर मुख्य द्वार से बाहर निकलकर फरार हो गए। घटना के समय रात की ड्यूटी पर एक ही होमगार्ड जवान तैनात होने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भागने की योजना पहले से बनाई गई थी या घटना के दौरान अचानक बनाई गई।
रात 3 बजे पुलिस को मिली सूचना
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि पुलिस को रात करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया और जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया। सीसीटीवी फुटेज में मिले हुलिए और तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी दौरान नामली के पास 6 बाल अपचारियों को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
रविवार सुबह एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और एसडीएम तरुण जैन बाल सुधार गृह पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। एसपी अमित कुमार ने बताया कि सात बाल अपचारी फरार हुए थे, जिनमें से छह को पकड़ लिया गया है, जबकि एक की तलाश जारी है। मारपीट में घायल होमगार्ड का मेडिकल कराया जा रहा है और मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। एसपी ने कहा कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
फरार बाल अपचारी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती फरार बाल अपचारी को तलाशना है। पुलिस उसकी संभावित लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। पकड़े गए छह बाल अपचारियों से पूछताछ कर फरारी की पूरी योजना और घटना में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


