24.5 C
Ratlām
Saturday, July 27, 2024

कलेक्टर ने देखी व्यवस्था : जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का ताज किसके होगा सरताज, कल होगा फैसला

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
जिला पंचायत रतलाम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का ताज किसके सरताज होगा, इसका फैसला 29 जुलाई को होगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष निर्वाचन कार्रवाई जिला पंचायत कार्यालय परिसर में होगी। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने गुरुवार शाम जिला पंचायत परिसर पहुंचकर निर्वाचन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने निर्वाचन कार्रवाई के मद्देनजर सदस्यों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों की परिसर में एंट्री रूट निर्धारित किया। आवश्यक स्थानों पर पुलिस पॉइंट बनाने एवं तैनाती के लिए निर्देशित किया। इस दौरान सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। किन्हीं भी विघ्नकारी तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्था बिगाड़ने वालों से निपटने के पूरे इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन दिवस पर जिला पंचायत परिसर में अधिकारी, कर्मचारियों का प्रवेश प्रातः 10 बजे तक हो जाएगा, इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। निर्वाचित सदस्यों का प्रवेश प्रातः 10.30 बजे तक सुनिश्चित किया गया है। कलेक्टर ने सदस्यों से आग्रह किया है कि निर्धारित अवधि तक परिसर में प्रवेश कर लेवे। इस दौरान अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर अभिषेक गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार आदि उपस्थित थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचन
जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचन के लिए निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 29 जुलाई को प्रातः 11 बजे से 12 बजे तक सम्मेलन की कार्रवाई प्रारंभ होगी और नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति की जाएगी। दोपहर 12 से 12.15 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की समीक्षा एवं विधि माननीय अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। दोपहर 12.16 बजे से 12.30 बजे तक नाम निर्देशन पत्र वापसी का समय एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। दोपहर 12.31 बजे से 12.45 बजे तक मतदान की तैयारी होगी। दोपहर 12.45 बजे से 1.15 बजे तक का समय मतदान का रहेगा। इसके पश्चात दोपहर 1.15 बजे से 1.45 बजे तक मतगणना परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष निर्वाचन
जिला पंचायत उपाध्यक्ष निर्वाचन के लिए जो समय सारणी निर्धारित की गई है, उसके अनुसार 29 जुलाई को दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक सम्मेलन की कार्रवाई प्रारंभ होकर नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। दोपहर 3.30 बजे से 3.45 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा एवं विधि मान्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। दोपहर 3.45 बजे से 4.00 बजे तक नाम निर्देशन पत्र वापसी एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। शाम 4.00 बजे से 4.15 बजे तक मतदान की तैयारी की जाएगी। शाम 4.15 बजे से 4.45 बजे तक मतदान होगा। शाम 4.45 बजे से 5.15 बजे तक मतगणना परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Copyright Content by VM Media Network