
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (Delhi-Mumbai Expressway) पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता और दो छोटे भाई घायल हो गए। हादसा मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में धामनोद टोल नाके के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
बिहार से सूरत लौट रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक, कार में बिहार के गोपालगंज निवासी विक्की कुमार (35), उनकी पत्नी रानी देवी, बेटी दीपा कुमारी (14), बेटे पीयूष (7) और प्रीतम (5) सवार थे। परिवार बिहार से गुजरात के सूरत वापस लौट रहा था, जहां विक्की कपड़ा कारोबार से जुड़े हुए हैं।

आराम के बाद शुरू किया था सफर
विक्की कुमार ने बताया कि परिवार शनिवार रात धामनोद टोल के आगे सड़क किनारे कार खड़ी कर आराम करने के लिए रुका था। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे सभी ने दोबारा यात्रा शुरू की। उनके अनुसार, करीब 20–25 मिनट बाद एक ट्रक ने ओवरटेक किया। ट्रक से बचने के प्रयास में उन्होंने कार को बाईं ओर मोड़ा, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया। कार डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद पिता ने तोड़ा कार का गेट
विक्की कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त अंधेरा था। उन्हें मामूली चोटें आई थीं। कार पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह गेट तोड़ा और सबसे पहले अपनी बेटी को बाहर निकाला, जिसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह बेहोश थी। इसके बाद पत्नी और दोनों बेटों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मदद के इंतजार के बाद पहुंची एंबुलेंस
पीड़ित परिवार के मुताबिक, हादसे के बाद उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से सहायता मांगी। दो लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन घायल परिवार को उठाने में मदद नहीं की। बाद में उनके कहने पर इमरजेंसी सेवा को कॉल किया गया, जिसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
क्रेन से निकाली गई क्षतिग्रस्त कार
सूचना मिलने पर रावटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला गया। मृत बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस अब हादसे की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना ट्रक के कारण हुई, किसी संभावित टक्कर से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।
कार्यक्रम में शामिल होने बिहार गया था परिवार
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार गुजरात के सूरत जिले की परसाना तहसील क्षेत्र में रहते हैं। 21 मई 2026 को छोटे भाई राकेश की सगाई में शामिल होने के लिए बिहार गए थे। पारिवारिक कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हुआ, जिसके बाद शुक्रवार शाम परिवार गांव से सूरत के लिए रवाना हुआ। शुक्रवार रात और शनिवार दिनभर सफर करने के बाद शनिवार रात करीब 11 बजे धामनोद टोल के आगे सड़क किनारे गाड़ी रोककर आराम किया। सुबह उठकर यात्रा दोबारा शुरू की, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसा हो गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


