
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के डाट की पुल क्षेत्र में रविवार देर रात एक शराबी रेलवे टीटीई ने कार से दूसरी चार पहिया वाहन को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चला रहा टीटीई नशे की हालत में था और उसकी स्थिति ऐसी थी कि वह ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना रेलवे जीआरपी पुलिस को दी गई।
जीआरपी चौकी पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
घटना के बाद संबंधित टीटीई दिनेश संधु को रेलवे जीआरपी चौकी लाया गया। आरोप है कि कुछ समय बाद उसके साथी भी चौकी पहुंच गए और वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टीटीई के कुछ सहयोगियों ने पत्रकारों से बहस करते हुए कवरेज में बाधा डालने और मामले को दबाने की कोशिश की।

जीआरपी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
पूरे घटनाक्रम के दौरान जीआरपी पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हुए। मौजूद लोगों और पत्रकारों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के बजाय कथित रूप से टीटीई को राहत देने की कोशिश करती दिखाई दी। इससे नाराजगी का माहौल बन गया।
पत्रकारों ने जताया विरोध, अधिकारियों को दी जानकारी
मीडियाकर्मियों से अभद्रता की सूचना मिलते ही रतलाम प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार बड़ी संख्या में जीआरपी चौकी पहुंचे। पत्रकारों ने पुलिस की कार्यशैली और टीटीई के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए मामले की जानकारी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई। हंगामे की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले में चौकी स्टाफ को फटकार लगाई। इसके बाद अभद्रता के आरोपों को लेकर संबंधित टीटीई को बुलाया गया, जहां उससे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


