– आतंकियों के 9 ठिकानों को नेस्तानाबूद किया, 90 से अधिक आतंकी मारे गए, पांच दर्जन से ज्यादा आतंकियों के घायल की खबर
नई दिल्ली, वंदेमातरम् न्यूज। भारत के पहलगाम आतंकी हमले के गुनहगारों को मिट्टी में मिलाना शुरू कर दिया है। भारतीय सेना ने देर रात पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के नौ ठिकानों पर मिसाइलों से स्ट्राइक की है। पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद सेना ने दहशतगर्दों, उनके मददगारों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
जानकारी के मुताबिक, भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। भारतीय सशस्त्र बलों इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने आखिरकार पाकिस्तान में आतंक के अड्डों पर हमला कर दिया है। भारत आज यानी कि 7 मई को पूरे देश में मॉक ड्रिल कराने वाला था, इससे ठीक पहले भारत ने पाकिस्तान के तीन स्थानों पर मिसाइलों से हमला किया है। पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता ने जानकारी दी हैं कि इस हमले में करीब पांच दर्जन से ज्यादा आतंकियों के चपेट में आने की खबर है। जबकि 90 से अधिक आतंकी मारे गए हैं और कई गंभीर घायल हैं।
पीओके में कई स्थानीय लोगों ने कहा कि मंगलवार आधी रात के बाद मुजफ्फराबाद शहर के आसपास के पहाड़ों के करीब पाकिस्तानी कश्मीर क्षेत्र में कई जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई। इन विस्फोटों के बाद शहर की बिजली गुल हो गई है। इन हमलों के बाद पाकिस्तान की सड़कों पर आधी रात को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार भारत के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय बलों ने उन आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया था। कुल मिलाकर नौ जगहों को निशाना बनाया गया है। हमारी कार्रवाई केंद्रित, पहले से तय और प्रकृति में गैर-उग्र रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधा को निशाना नहीं बनाया गया है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत ने टारगेट के चयन और हमले के तरीके में काफी संयम दिखाया है। ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं, जिसमें 25 भारतीयों और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी। हम इस प्रतिबद्धता पर खरे उतर रहे हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि जल्द ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उधर पाकिस्तान ने भारत द्वारा पीओके में आतंकी संगठन पर हमले पर आहत होकर दुनिया के सामने आंसू बहाना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान के डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि दोनों देशों के बीच तीव्र तनाव के बीच भारत ने कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


