
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के पिपलौदा तहसील के ग्राम सुखेड़ा निवासी मां-बेटे को इंदौर क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों इंदौर में एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 16 लाख रुपए कीमत का मादक पदार्थ बरामद किया है।

इंदौर क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रतलाम (Ratlam) जिले के पिपलौदा तहसील के ग्राम सुखेड़ा निवासी नावेद खान और उसकी मां मुमताज ड्रग्स की सप्लाई के लिए इंदौर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने पत्थर गोदाम रोड पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से 159 ग्राम एमडी ड्रग्स और 990 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा एक बाइक सहित कुल 16 लाख 80 हजार रुपए का माल जब्त किया गया।

डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से इंदौर आकर ड्रग्स के ऑर्डर लेते थे। उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया है कि नावेद खान गैरेज में काम करता है, जबकि उसकी मां मुमताज दिहाड़ी मजदूरी करती है। अधिक पैसे कमाने के लालच में दोनों ड्रग्स सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ गए थे। वे ऑर्डर लेने के बाद स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर से माल लेकर ग्राहकों तक पहुंचाते थे।
फिलहाल क्राइम ब्रांच दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कहां से लाई जाती थी और इंदौर में किन लोगों को सप्लाई की जा रही थी। कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। डीसीपी के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 26 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


