Police battered in Ratlam : रेलकर्मी के सूने घर का ताला तोड़ घुसे बदमाश

- लेनॉर्ड सिटी में एक सप्ताह में तीसरी वारदात; नंगे पैर और मुंह ढंककर घूमते तीन चोर CCTV में कैद 

Advertisements
Advertisements
Police battered in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे लोगों की मजबूरी का भी फायदा उठाने लगे हैं। शहर से दूर स्थित लेनॉर्ड सिटी कॉलोनी में शनिवार रात एक रेलकर्मी के परिवार को अचानक आई स्वास्थ्य आपात स्थिति भारी पड़ गई। परिवार के मुखिया को रात में अटैक आने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए और पीछे घर सूना रह गया। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने मकान का ताला तोड़ दिया।

हैरानी की बात यह है कि इसी कॉलोनी में पांच दिन पहले भी चोरी की कोशिश हुई थी। तब रहवासियों के जागने और शोर मचाने पर बदमाशों ने पत्थरबाजी कर दहशत फैलाई थी। अब एक सप्ताह के भीतर तीसरी घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक घंटे में पहुंच गए चोर

थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत आने वाली लेनॉर्ड सिटी कॉलोनी में रहने वाले रेल कर्मचारी रंजन श्रीवास्तव को शनिवार रात करीब एक बजे अटैक आया। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए। घर खाली होने के कुछ ही समय बाद चोरों ने मकान को निशाना बना लिया। रविवार सुबह पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घर से कितना और क्या सामान चोरी हुआ है। परिजन अस्पताल से लौटने के बाद सामान की जांच कर रहे हैं।

CCTV में कैद हुए तीन बेखौफ बदमाश

कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रात करीब दो बजे तीन संदिग्ध बदमाश घूमते दिखाई दिए। बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। वे नंगे पैर थे और एक हाथ में चप्पल पकड़े हुए थे, जबकि दूसरे हाथ में पत्थर नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में बदमाश बेखौफ होकर कॉलोनी में घूमते दिख रहे हैं। उनके हाथों में पत्थर होने से यह भी आशंका जताई जा रही है कि पकड़े जाने या विरोध होने पर वे रहवासियों पर पत्थरबाजी कर सकते थे।

पहले भी ललकारने पर बरसाए थे पत्थर

लेनॉर्ड सिटी में 1 और 2 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात भी चोरों ने वारदात की कोशिश की थी। उस समय रहवासियों के जागने और शोर मचाने पर बदमाश भागने लगे। आरोप है कि उन्होंने भागते समय लोगों पर पत्थर फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद कॉलोनी में सर्चिंग की थी और तीन संदिग्धों में से एक युवक को हिरासत में लिया था। पकड़ा गया युवक झाबुआ का बताया गया था। उसके पांच चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात सामने आई थी, लेकिन उसके अन्य साथी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

पीएनटी कॉलोनी में भी चोरी की कोशिश, फिर पत्थरबाजी कर भागे

इसी थाना क्षेत्र की पीएनटी कॉलोनी में भी गुरुवार रात बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की थी। वहां भी रहवासियों के जागने और शोर मचाने पर बदमाश पत्थरबाजी करते हुए फरार हो गए। एक ही थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की कोशिशों और वारदातों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। सवाल यह है कि जब चोर लगातार एक ही इलाके में सक्रिय हैं, तब रात्रि गश्त उन्हें रोकने में क्यों नाकाम साबित हो रही है।

पुलिस का दावा—शहर में सक्रिय है चोरों की गैंग

पुलिस के अनुसार, पहले पकड़े गए आरोपी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में पांच चोरी की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस को आशंका है कि इसी गैंग के करीब 25 सदस्य शहर में सक्रिय हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि बदमाश मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने में पुलिस को मुश्किल आ रही है। हालांकि, लगातार हो रही वारदातों के बावजूद गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।

चीता पार्टी और बीट प्रभारी निलंबित

एक सप्ताह के भीतर थाना औद्योगिक क्षेत्र में लगातार तीन से चार मकानों को निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने भी सख्ती दिखाई है। एसपी अमित कुमार ने इसे सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मानते हुए संबंधित चीता पार्टी और बीट प्रभारी को निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। लेकिन लगातार हो रही वारदातों ने साफ कर दिया है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की रातों की नींद उड़ चुकी है।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!