
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के चर्चित न्यू तैयबिया स्कूल (New Taiyabiya School) फर्जी प्रमाणपत्र मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पिछले पांच माह से फरार चल रहे मीडिएटर रईस खान को दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।गिरफ्तारी के बाद उसे पुलिस भोपाल लेकर रवाना हुई है।

बता दें कि रईस खान के खिलाफ 3 दिसंबर 2025 को दीनदयाल नगर थाने में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और प्रस्तुत करने का मामला दर्ज किया गया था। यह केस पहले गिरफ्तार किए जा चुके स्कूल (New Taiyabiya School) सचिव हुसैन इंजीनियर के बयान के आधार पर दर्ज हुआ था।

आरटीई प्रवेश से बचने के लिए सामने आया था फर्जीवाड़ा
नवंबर 2025 में न्यू तैयबिया स्कूल (New Taiyabiya School) का यह फर्जीवाड़ा तब उजागर हुआ था, जब आरटीई (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) के तहत प्रवेश नहीं देने का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि स्कूल प्रबंधन ने अल्पसंख्यक संस्थान का दर्जा दिखाने के लिए फर्जी प्रमाणपत्र का उपयोग किया था। रतलाम (Ratlam) के सागोद रोड स्थित स्कूल (New Taiyabiya School) के सचिव हुसैन इंजीनियर के खिलाफ पुलिस ने 21 नवंबर 2025 को धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था।
भोपाल से मान्यता दिलाने का दावा कर ली थी रकम
समाज के लोगों ने रतलाम (Ratlam) कलेक्टर और एसपी को दिए आवेदन में बताया था कि स्कूल (New Taiyabiya School) सचिव ने रईस खान निवासी अरिहंत परिसर को आरटीई से जुड़े प्रमाणपत्र लाने के लिए अधिकृत किया था। इसके बदले उसे भुगतान भी किया गया था। रईस खान ने दावा किया था कि वह पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, भोपाल से मान्यता प्रमाणपत्र जारी करवाएगा। उसने विभाग की सील लगी प्रमाणित प्रति स्कूल प्रबंधन को सौंपी थी और कहा था कि मूल प्रमाणपत्र डाक से आएगा। बाद में विभाग की एक सील लगा प्रमाणपत्र पोस्ट से प्राप्त हुआ था।
पूछताछ में नहीं कर रहा सहयोग
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद रईस खान पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। उसने भोपाल स्थित विभाग के एक कर्मचारी का नाम लिया है। इसी जानकारी की पुष्टि के लिए पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर भोपाल पहुंची है।
मंदसौर, नीमच और राजस्थान में काट रहा था फरारी
रईस खान को लेकर यह अफवाह थी कि वह देश छोड़कर विदेश भाग गया है, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वह मंदसौर, नीमच और राजस्थान के विभिन्न शहरों में छिपकर रह रहा था।
अगस्त 2025 में मिला था फर्जी प्रमाणपत्र
पुलिस जांच में सामने आया कि न्यू तैयबिया स्कूल (New Taiyabiya School) को 19 अगस्त 2025 को आरटीई से संबंधित फर्जी प्रमाणपत्र मिला था। यही दस्तावेज स्कूल प्रबंधन ने रतलाम कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत किया था, जहां जांच के दौरान इसे फर्जी पाया गया। रतलाम (Ratlam) दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बताए तथ्यों की जांच की जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


