
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त की है। पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के अनुसार, रिंगनोद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बरखेड़ी फंटा स्थित महू-नीमच फोरलेन मार्ग से ढोढर क्षेत्र की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हाईवे पर घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर पूछताछ शुरू की।
तलाशी में 1 किलो एमडी ड्रग्स बरामद
पुलिस ने संदेह के आधार पर 52 वर्षीय युनुस पिता नियामत खान पठान, निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।
ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार शुक्रवार को रिंगनोद थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ नेटवर्क के अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसपी बोले—नशा तस्करों पर जारी रहेगी कार्रवाई
रतलाम पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके। – अमित कुमार, एसपी – रतलाम
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


