कार्यक्रम से लौट रहे थे बाइक सवार देवर-भाभी, अज्ञात मैजिक वाहन से हुई टक्कर
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। नगर के 12 किमी दूर ग्राम खाखराकुड़ी-भल्ला का माल फंटे के पास बाइक व मैजिक की भिड़ंत से युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। वही एक महिला गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को सकरावदा प्राथमिक स्वा.केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। मृतक युवक छगन के शव का पोस्टमार्टम आज होगा।

भल्ला का माल निवासी छगन (30) पिता रामा भाभर बाइक से अपनी भाभी मिठू बाई पति राजू के साथ मन्याबारी (मेहमानी) का कार्यक्रम निपटा कर घर जा रहे थे। इसी बीच खाखराकुड़ी-भल्ला का माल फंटे के बीच सामने से आ रही अज्ञात मैजिक वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी की छगन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।घटना में मृतक का सर बुरी तरह फट गया था। मृतक की भाभी भी दुर्घटना में गंभीर घायल हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डायल 100 को दी। मौके पर एसएसआई हितेंद्रसिंह परिहार ने टीम के साथ पहुंचकर घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य सकरावदा भेजा। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना भिजवाया। डॉक्टर शैलेष डांगे ने महिला की गंभीर स्थिति देख मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया। पुलिस अज्ञात मैजिक की तलाश कर रही है।