
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के सैलाना (Sailana) सदर बाजार स्थित शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे है। सूत्रों के अनुसार, झाबुआ जिले से संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और चोरी गया करीब 7 किलो चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिया गया है। शातिर पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा पुलिस संभवतः जल्द कर सकती है।
गांवों के रास्ते भागे आरोपी, पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा
जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस गश्त से बचने के लिए मुख्य मार्ग छोड़कर ग्रामीण इलाकों से होते हुए झाबुआ जिले की तरफ फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस टीम ग्राम करिया, दौलतपुरा समेत आसपास के कई गांवों में पहुंची और पूछताछ की थी। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की। ग्राम करिया के मुख्य बाजार और एक मकान पर लगे कैमरों में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई थीं। इन्हीं सुरागों के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर शनिवार दोपहर आरोपियों को पकड़ लिया गया।

नकाब और ग्लव्स पहनकर दिया था चोरी को अंजाम
गौरतलब है कि बुधवार रात मुख्य मार्ग स्थित शत्रुंजय ज्वेलर्स की दुकान में दो शातिर बदमाश नकाब और ग्लव्स पहनकर दाखिल हुए थे। आरोपियों ने दुकान से करीब 12 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के दौरान उनकी तस्वीरें पास स्थित जैन मंदिर के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं।
तीन थाना प्रभारियों सहित विशेष टीम कर रही जांच
मामले की जांच में बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गाडरिया और सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश अपनी टीमों के साथ सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। जांच टीम में साइबर सेल के प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह और मनमोहन शर्मा भी शामिल हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


