
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के आलोट क्षेत्र में मेले से लौट रहे 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव मंगलवार रात सड़क किनारे मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। मृतक की पहचान कृष्णपाल (21) पिता लक्ष्मणसिंह, निवासी खामरिया के रूप में हुई है। खामरिया गांव आलोट से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है।
मेला देखने गया था युवक, लौटते समय बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार कृष्णपाल मंगलवार रात करीब 8 बजे घर से आलोट में अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में लगे मेले को देखने निकला था। देर रात जब वह गांव लौट रहा था, तब रास्ते में कुछ लोगों ने उसे असामान्य हालत में देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक लड़खड़ाता हुआ नजर आया, जिसके बाद उसे तुरंत आलोट के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप— हत्या की गई
युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उनका आरोप है कि कृष्णपाल को कीटनाशक पिलाकर मार दिया गया। परिजनों ने शंका के आधार पर चार युवकों के नाम पुलिस को बताए हैं और हत्या का आरोप लगाया है।
शव रखकर किया प्रदर्शन, देर रात तक लगा जाम
घटना से नाराज ग्रामीण और परिजन शव लेकर आलोट थाने पहुंचे। उन्होंने थाने के बाहर सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। देर रात तक लोग प्रदर्शन करते रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन हत्या के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
चार दिन पहले मंदिर मेले में हुआ था विवाद
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि करीब चार दिन पहले कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में झूला झूलने को लेकर कृष्णपाल का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इस मामले की शिकायत भी परिजनों ने आलोट थाने में की थी। परिवार का आरोप है कि उसी विवाद के चलते युवक को निशाना बनाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह युवक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि कृष्णपाल स्थानीय व्यापारी जैनम आंचलिया की अनाज दुकान पर काम करता था। आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि परिजनों द्वारा चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच जारी है और जिन लोगों पर संदेह जताया गया है, उनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


