
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के धराड़ गांव में मंगलवार देर रात एक मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। शादी समारोह में आए कुछ युवकों की तेज रफ्तार बाइक को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी और फिर पथराव तक पहुंच गया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और पुलिस को देर रात तक मोर्चा संभालना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी और विश्व हिंदू परिषद के गौ रक्षा प्रमुख रुप सिंह चंद्रावत अपने साथी आदित्य सिंह के साथ गांव में एक दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान शादी में शामिल कुछ युवक तेज गति से बाइक चलाते हुए वहां से निकले। रुप सिंह और आदित्य ने उन्हें बाइक धीरे चलाने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि इसके कुछ देर बाद बाइक पर सवार दो अन्य युवक वहां पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने चाकू निकाल लिया और रुप सिंह चंद्रावत तथा आदित्य सिंह पर हमला कर दिया। दोनों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन चाकू उनके पैरों में लग गया।
इंदौर से आए युवकों पर हमला करने का आरोप
ग्रामीणों और हिंदू संगठनों का आरोप है कि हमला करने वाले युवक इंदौर से शादी में शामिल होने आए थे। घटना के बाद यह सवाल भी उठाया गया कि शादी समारोह में आए युवकों के पास चाकू कैसे था। कुछ लोगों का दावा है कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
चाकूबाजी की खबर फैलते ही गांव में बढ़ा तनाव
चाकूबाजी की सूचना मिलते ही गांव के लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। शादी वाले घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। धीरे-धीरे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और रात करीब 12 बजे तक दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया गया और हालात को काबू में लाया गया।
मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों के पदाधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही रतलाम से विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कई पदाधिकारी धराड़ पहुंचे। इनमें विहिप जिलाध्यक्ष राधेश्याम रावल, विभाग सहसंयोजक राजाराम ओहरी, बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश व्यास, सहसंयोजक आशु टांक, योगेंद्र कुशवाह और सुरक्षा प्रमुख सुनील राठौर शामिल रहे। सभी ने घटना को लेकर विरोध जताया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
देर रात तक गांव में तैनात रही पुलिस
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एएसपी विवेक कुमार समेज सहित जिले के कई अधिकारी रातभर गांव में मौजूद रहे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।रतलाम (Ratlam) एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि बारात निकलने के दौरान कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। चाकू लगने से दो लोग घायल हुए हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


