
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के कनेरी रोड पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दूध लेकर जा रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि बाइक पर रखी दूध की कैन करीब 60 से 70 फीट दूर खेत में जा पहुंची। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र के कनेरी गांव निवासी मोतीलाल गुर्जर (19), पिता शंकरलाल गुर्जर, रोजाना की तरह गुरुवार सुबह दूध पहुंचाने के लिए बाइक से निकला था। उसके पीछे अलग बाइक पर उसके काका मांगीलाल गुर्जर भी चल रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे कनेरी रोड स्थित एक कॉलोनी के सामने सामने से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 43 जेडी 2065 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोतीलाल की घटनास्थल पर ही जान चली गई।

सूचना के बावजूद नहीं पहुंची एंबुलेंस और डायल 112
मृतक के काका मांगीलाल गुर्जर ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस और डायल 112 को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई मदद नहीं पहुंची। इसके बाद गांव में संपर्क कर निजी कार बुलवाई गई और युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
समय पर एंबुलेंस और पुलिस सहायता नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने कनेरी रोड पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सड़क के बीचोंबीच बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सुबह करीब 9 बजे थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण कलेक्टर तथा एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि फरार पिकअप चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब 9:30 बजे चक्काजाम समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


