रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
शहर में इन दिनों असामाजिक तत्व घर के बाहर खड़े चार पहिया वाहनों को निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। बरगुंड़ों का वास एवं थावरिया बाजार के बाद बीती रात बुद्देश्वर मार्ग पर सडक़ किनारे खड़ी एक कार पर बदमाशों ने पत्थर फेंक उसके कांच फोड़ दिए। कार मालिक सुबह जागा और उसने कार देखी तो उसके शीशे पत्थर से टूटे मिले। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
गोपाल गौशाला कॉलोनी निवासी रामेश्वर शर्मा ने दीनदयाल पुलिस थाने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। फरियादी शर्मा ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार रात करीब 11 बजे बुद्धेश्वर हॉल के बाहर कार क्रमांक एमपी-09 सीई-9433 खड़ी कर घर पर सोने चले गए थे। रात करीब 11.30 बजे अज्ञात बदमाशों ने कार के कांच पर पत्थराव कर उसे फोड़ दिया। सूचना पर सुबह पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और उसके बाद फरियादी को थाने बुलाकर प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों को लेकर रहवासियों में नाराजगी भी देखने को मिली। रहवासियों ने बताया कि रात्रि में पुलिस गश्त माकूल नहीं होने से नशे की हालत में बदमाश बेखौफ घूमते हैं और टोकने पर विवाद भी करते हैं। कई बार पुलिस को सूचना भी दी जाती है, लेकिन थानास्तर पर बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से वह मौका पाकर रहवासियों को परेशान करते हैं।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


