
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। सैलाना (sailana) नगर के आस्था केंद्र कालिका माता मंदिर में हुई चोरी और चोरी के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 हजार रुपए का चोरी गया सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बदमाश मंदिर परिसर के साइड में लगे लोहे की जाली वाले गेट को मोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखा एम्प्लीफायर चोरी कर लिया। वहीं मंदिर के भीतर लगी रेलिंग तोड़कर दानपात्र ले जाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए।

CCTV में कैद हुए थे संदिग्ध
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी ( CCTV) कैमरों में तीन संदिग्ध युवक नजर आए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और देर रात दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पिता धन्नालाल मईडा निवासी मकोडिया रुड़ी थाना सरवन तथा विजय पिता बसा मईडा निवासी कुटुंबी, राजस्थान हाल मुकाम नौलखा सैलाना के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि दो दिन पहले मंदिर परिसर से टिल्लू मोटर पंप भी उन्होंने ही चोरी किया था।
कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
सैलाना (sailana) थाना प्रभारी पिंकी आकाश के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस मामले में लगातार जांच की। टीम में एसआई शंकर सिंह शक्तावत, एएसआई सीताराम तेनीवार, आरक्षक फकीर चंद्र सोलंकी और तूफान भूरिया शामिल रहे। पुलिस टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के हुलिए और गतिविधियों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


