


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) में चोरी की घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है। मंगलवार देर रात जावरा रोड स्थित लेनॉर्ड सिटी कॉलोनी में तीन संदिग्ध बदमाश दीवार फांदकर घुस गए। हालांकि कॉलोनीवासियों की सतर्कता के कारण चोरी की वारदात से पहले ही मामला सामने आ गया। पुलिस और रहवासियों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे।



युवक ने सुनी कुत्तों के भौंकने की आवाज
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, तीनों बदमाश रात करीब 1.42 बजे कॉलोनी की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और इधर-उधर घूमने लगे। इसी दौरान कॉलोनी निवासी श्यामचरण शर्मा के बेटे अभिनय शर्मा गैलरी में पढ़ाई कर रहे थे। कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर उनकी नजर बाहर गई तो उन्हें तीन संदिग्ध दिखाई दिए।



ललकारा तो पत्थर फेंककर भागे बदमाश
अभिनय ने बदमाशों को देखकर जोर से पूछा कि कौन है और वहां क्या कर रहे हैं। खुद को घिरता देख बदमाशों ने उनके मकान पर पत्थर फेंके और डराने की कोशिश करते हुए वहां से भाग निकले।
पुलिस के साथ रहवासियों ने की तलाश
घटना के तुरंत बाद 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क किया गया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस रात में ही कॉलोनी पहुंची और रहवासियों के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान जानकारी मिली कि तीनों बदमाश कॉलोनी के दूसरे हिस्से की ओर गए हैं। पुलिस और रहवासी वहां पहुंचे तो तीनों दिखाई दिए। उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, जिसमें एक आरोपी पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।
सतर्कता से टली बड़ी वारदात
कॉलोनी निवासी भानुप्रताप सिंह सिसोदिया के अनुसार, बदमाशों के पास हथियार भी होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के मुख्य गेट पर दो सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, इसलिए बदमाश दीवार फांदकर अंदर पहुंचे थे। कॉलोनी में करीब 70 मकान हैं।
पकड़ा गया बदमाश झाबुआ क्षेत्र का
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश झाबुआ क्षेत्र का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है और उसके फरार साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रहवासियों ने बढ़ाई गश्त की मांग
घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी डीएसपी गायत्री सोनी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके अन्य साथियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


