
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना में जमीन विवाद के मामले में हथियारबंद लोगों के खेत पर पहुंचने से तनाव की स्थिति बन गई। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार देर रात पाटीदार समाज के लोगों ने थाना परिसर में धरना प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि मामले में गंभीर धाराएं कम कर आरोपियों को राहत देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि थाना प्रभारी पिंकी आकाश द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई और सभी आरोपियों पर विधिसम्मत कदम उठाने का भरोसा दिलाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
लीज से खरीद तक: वर्षों पुराना है जमीन का मामला
रंगवाड़ी मोहल्ला निवासी गोपाल पिता बद्रीलाल पाटीदार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके परिवार ने वर्ष 1990 से 2011 तक पुखराज गोलेच्छा और उसके भाई की जमीन लीज पर लेकर खेती की थी। वर्ष 2011 में गोपाल पाटीदार, कृष्णा पाटीदार, किशोर पाटीदार और दशरथ पाटीदार ने मिलकर पुखराज व राजेंद्र उर्फ अशोक गोलेच्छा से सर्वे नंबर 1697/14 की करीब 5 हेक्टेयर भूमि 19.25 लाख रुपए में अनुबंध के जरिए खरीदी थी। इसके बाद से परिवार खेती करता आ रहा है।

अभ्यारण क्षेत्र होने से अटकी रजिस्ट्री, अब बढ़ा विवाद
शिकायत के मुताबिक जमीन खरमोर अभ्यारण क्षेत्र में होने के कारण लंबे समय तक रजिस्ट्री और नामांतरण की प्रक्रिया नहीं हो सकी। बाद में शासन द्वारा प्रतिबंध हटाए जाने के बाद खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी दौरान आरोप है कि पुखराज गोलेच्छा ने विवादित जमीन में से 8 बीघा भूमि जावरा निवासी राधा पति विजय राठौर के नाम रजिस्ट्री कर दी। यह विवाद फिलहाल सैलाना न्यायालय में लंबित बताया गया है।
खेत पर पहुंचे लोग, बंदूक दिखाकर दी धमकी का आरोप
फरियादी के अनुसार 25 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे जावरा निवासी सुनील शर्मा और राधेश्याम राठौर खेत पर पहुंचे और जमीन के संबंध में पूछताछ करने लगे। कुछ देर बाद एक काली स्कॉर्पियो वाहन से छह लोग मौके पर पहुंचे, जिनमें दो लोगों के पास बंदूक होने का कथित आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने हथियार दिखाते हुए धमकी दी कि “यह बंदूक केवल दिखाने के लिए नहीं, चलाने के लिए है” और जमीन खाली करने का दबाव बनाया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे, जहां कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
आठ आरोपियों पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस को दिए गए बयान में फरियादी ने पवन शर्मा, अरविंद कुशवाह, रंजीत डांगी, निगम तोमर, संजीव भार्गव, राधेश्याम राठौर और अखिलेश बघेल समेत अन्य लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


