रतलाम शहर विधायक काश्यप का नाम आते ही समर्थकों ने मनाई खुशियां, आतिशबाजी की
भोपाल/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
पांच राज्यों में चुनाव की घोषणा के दो घंटे बाद भाजपा ने मध्यप्रदेश के 57 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। रतलाम जिले की शहर विधानसभा सीट पर भाजपा के वर्तमान विधायक चेतन्य काश्यप पर भरोसा जताते हुए तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। चेतन्य काश्यप 2013 से रतलाम शहर के विधायक है। भाजपा रतलाम जिले की पांच विधानसभा में से दो पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। शहर विधायक का नाम उम्मीदवार के रूप में आते ही उनके समर्थकों में खुशी का लहर छा गई है। शहर में उम्मीदवार के नाम को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।

बता दें कि भाजपा ने दूसरी लिस्ट में रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा से पूर्व विधायक संगीता चारेल को उम्मीदवार घोषित किया था। इसके बाद रतलाम शहर से काश्यप का नाम आते ही दो विधानसभा के उम्मीदवारों की स्थिति साफ हो गई है। शेष रतलाम ग्रामीण, आलोट व जावरा विधानसभा सीटों के संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर अभी इंतजार करना पड़ सकता है। चौथी सूची में भाजपा ने 24 मंत्रियों सहित सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। जिनमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को बुधनी से टिकट दिया है तो गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को दतिया से टिकट मिला है। भाजपा की चौथी सूची को मिलाकर अब तक 136 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। प्रदेश के 94 सीटों पर अब उम्मीदवार घोषित करना शेष है। जबकि कांग्रेस अभी तक एक भी सीट पर उम्मीदावर के नाम का ऐलान नहीं कर पाई है।
जाने कब होंगे चुनाव
सोमवार दोपहर को निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों का विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव की घोषणा की। मिजोरम में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर को होगा। छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होगा। राजस्थान में मतदान 23 नवंबर को होगा। तेलंगाना में मतदान 30 नवंबर को होगा। सभी राज्यों में मतगणना एक साथ 3 दिसंबर को होगी।
मध्यप्रदेश चुनाव 2023 का कार्यक्रम
- – विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 21 अक्टूबर 2023
- – नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन 30 अक्टूबर 2023
- – नामांकन वापसी का अंतिम दिन 2 नवंबर 2023
- – मतदान की तारीख 17 नवंबर 2023
- – विधानसभा चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर 2023
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


