
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के प्रत्येक नागरिक को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा सीवरेज जल के समुचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर प्रहलाद पटेल (Mayor Prahlad Patel) ने नगर निगम अधिकारियों के साथ धोलावाड़ व मोरवानी फिल्टर प्लांट तथा करमदी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि ट्रीटेड वाटर की दर ₹50 प्रति किलोलीटर निर्धारित है तथा 3000 लीटर क्षमता के टैंकर की दर ₹150 प्रति टैंकर तय की गई है।
महापौर पटेल (Mayor Prahlad Patel) ने मोरवानी में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्मित किए जा रहे 12 एमएलडी क्षमता के फिल्टर प्लांट का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि इसका कार्य ग्रीष्म ऋतु से पूर्व पूर्ण किया जाए, जिससे गर्मी के मौसम में नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान महापौर (Mayor Prahlad Patel) ने फिल्टर किए गए पानी की लेब टेस्टिंग कराई एवं स्वयं पानी पीकर उसकी गुणवत्ता परखी।उन्होंने नियमित रूप से जल की लैब जांच तथा फिल्टर प्लांट की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पम्पिंग स्टेशन को कार्यशील रखने के निर्देश
महापौर पटेल (Mayor Prahlad Patel) ने धोलावाड़ स्थित पम्पिंग स्टेशन का अवलोकन करते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराना रतलाम (Ratlam) निगम का दायित्व है। उन्होंने पम्पिंग स्टेशन को सदैव कार्यशील अवस्था में रखने तथा मोटर पम्पों में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
ट्रीटेड पानी के अधिकतम उपयोग पर जोर
महापौर पटेल (Mayor Prahlad Patel) ने अमृत योजना के अंतर्गत करमदी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीवरेज से ट्रीट किए गए पानी का पीएच लेवल एवं टीडीएस जांचा गया, जो संतोषजनक पाया गया। महापौर पटेल ने निर्देश दिए कि सीवेज ट्रीटमेंट के बाद प्राप्त पानी का उपयोग बागवानी, सिंचाई, धुलाई तथा विभिन्न निर्माण कार्यों में किया जाए, जिससे ट्रीटेड पानी का सदुपयोग हो और नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हो।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


