16.1 C
Ratlām

Sailana : बस स्टैंड के चौड़ीकरण में नहीं छीनेगा किसी का रोजगार – अध्यक्ष शुक्ला

- 42 लाख की लागत से होगा विस्तार, प्रभावित दुकानदारों को मिलेगी बड़ी दुकान

20260207 100821

सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के सैलाना (Sailana) में बढ़ते यातायात दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए वर्तमान बस स्टैंड के चौड़ीकरण की योजना वृहद स्तर पर तैयार की गई है। सैलाना (Sailana) नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना का उद्देश्य नगर विकास है, न कि किसी का रोजगार छीनना। उन्होंने सभी नागरिकों और दुकानदारों से विकास कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

सैलाना (Sailana) नगर परिषद अध्यक्ष शुक्ला ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि करीब 42 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना में 15 दुकानें प्रभावित हो रही हैं। इन सभी दुकानदारों को दुकान के पीछे उपलब्ध भूमि पर पहले से बड़ी साइज की दुकानें बनाकर लागत मूल्य पर ही वापस दी जाएंगी। सैलाना (Sailana) नगर परिषद की मंशा किसी भी दुकानदार को नुकसान पहुंचाने की नहीं है।

1983 में बना था सैलाना का वर्तमान बस स्टैंड

20260207 100906

सैलाना (Sailana) नगर परिषद अध्यक्ष शुक्ला ने बताया कि सैलाना का वर्तमान बस स्टैंड वर्ष 1983 में बनाया गया था। इससे पहले बस स्टैंड मस्जिद चौराहा क्षेत्र में संचालित होता था। उस समय नगर की आबादी और यातायात के अनुसार यह स्थान पर्याप्त था, लेकिन अब आबादी बढ़ने और यातायात दबाव में लगातार वृद्धि होने से बस स्टैंड का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण से नगर को दीर्घकालीन लाभ मिलेंगे और यह कदम भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर उठाया गया है।

जर्जर शौचालय हटाकर बनाई जाएंगी नई दुकानें

Sailana नगर परिषद अध्यक्ष शुक्ला ने प्लान की जानकारी देते हुए बताया कि चिन्हित दुकानों के पीछे वर्ष 1988 में निर्मित सुलभ शौचालय वर्तमान में जर्जर अवस्था में है, जिसे हटाया जाएगा। इसके बाद सभी 15 दुकानों को 30 फीट पीछे नए सिरे से बनाया जाएगा। नई दुकानों का निर्माण 6 माह की अवधि में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे न केवल दुकानदारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि बस स्टैंड पर स्थान भी पर्याप्त हो सकेगा।

सब्जी मंडी होगी चालू, बसों के लिए पर्याप्त स्थान

इस योजना के पूरा होने से आंबेडकर मार्ग पर पिछले 10 वर्षों से बंद पड़ी सब्जी मंडी पुनः चालू हो सकेगी। साथ ही बसों के खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। अध्यक्ष शुक्ला ने बताया कि विस्तार के बाद राजस्थान परिवहन निगम और मध्यप्रदेश परिवहन निगम की अनुबंधित बसें भी सीधे बस स्टैंड पर आएंगी, जो अभी बायपास पर रुकती हैं। इससे यात्रियों को होने वाली परेशानी भी खत्म होगी।

बस स्टैंड बाहर शिफ्ट होने से बचाने की पहल

अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि आने वाले वर्षों में नगर की आबादी और यातायात का दबाव और बढ़ेगा। यदि वर्तमान समय में बस स्टैंड का विस्तार नहीं किया गया, तो भविष्य में पूरे बस स्टैंड को नगर से बाहर स्थानांतरित करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में करीब 200 दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने दो टूक कहा कि यह परियोजना पूरी तरह नगर की बेहतरी के लिए है।

परिषद ने संकल्प पारित कर सीएमओ को दिए निर्देश

सैलाना (Sailana) नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि इस विकास कार्य को लेकर परिषद की बैठक में संकल्प पारित किया गया है और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे इस योजना को सकारात्मक दृष्टि से देखें और नगर विकास में सहभागी बनें।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!