
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक महिला यात्री का शव ट्रेन के टॉयलेट से बरामद किया गया। महिला राजस्थान के निम्बाहेड़ा में पदस्थ एडीजे (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश) राजकुमार चौहान की पत्नी बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा चौहान (उम्र लगभग 45-50 वर्ष) 4 मार्च को कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (17606) से यात्रा कर रहे थे। दोनों का आरक्षण अलग-अलग कोच में था। वे सोयत स्टेशन से निम्बाहेड़ा के लिए सवार हुए थे। सुबह जब ट्रेन निम्बाहेड़ा स्टेशन पहुंची, तो एडीजे चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी कोच से बाहर नहीं आईं। ट्रेन निर्धारित समय पर आगे रवाना हो गई।
पत्नी ने फोन पर कहा था- वॉशरूम जा रही हूं

बताया जा रहा है कि निम्बाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। स्टेशन पर काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो एडीजे चौहान ने जीआरपी (Government Railway Police) को सूचना दी।
Cctv जांच और आगे के स्टेशनों को अलर्ट
Ratlam जीआरपी (GRP) ने स्टेशन के सीसीटीवी (Cctv) फुटेज खंगाले, लेकिन महिला को कोच से उतरते हुए नहीं देखा गया। इसके बाद ट्रेन के अगले स्टेशनों को सूचना दी गई और सतर्क रहने को कहा गया।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
पुलिस ने महिला के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन के भीतर ही सक्रिय पाई गई। इसी दौरान ट्रेन रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा स्टेशन पहुंच चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित कोच की तलाशी ली।
अंदर से बंद था टॉयलेट का दरवाजा
तलाशी के दौरान टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां महिला अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया- साइलेंट हार्ट अटैक
रतलाम जीआरपी (Ratlam GRP) के अनुसार, प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने महिला की मौत का कारण ‘साइलेंट हार्ट अटैक’ बताया है।घटना की सूचना मिलते ही महिला के पति और अन्य परिजन जावरा पहुंचे। बाद में परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही शव अपने साथ ले जाने का निर्णय लिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


