
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की स्मृति में आयोजित रतलाम चैंपियंस लीग (RCL) सीजन-4 का सुपर फाइनल सम्पन्न हुआ। रतलाम (Ratlam) के नेहरू स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में खतम इलेवन ने फाइनेंस सर्किल को हराकर एक बार फिर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान आर्केस्ट्रा की धुनों और आतिशबाजी ने आयोजन को उत्सव में बदल दिया।
सुपर फाइनल में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वागत भाषण महेंद्र कोठारी द्वारा दिया गया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि, रतलाम चैंपियंस लीग (RCL) मेरे लिए किसी तीर्थ स्थान पर आने जैसा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं देश को नई खेल प्रतिभाएं देती हैं। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए।
ऐसा रहा फाइनल मुकाबला
टॉस जीतकर खतम इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 101 रन बनाए। टीम की ओर से पूरण व्यास ने 35 रन, योगेंद्र सिंह ने 18 और राजेंद्र सिंह ने 14 रन का योगदान दिया। फाइनेंस सर्किल के गेंदबाज गुलशन प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि प्रबल गौतम, अनिल निनामा और विपिंदर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइनेंस सर्किल टीम की शुरुआत तेज रही। शक्ति घोषरे ने 24 रन बनाए, जबकि विपिंदर ने 34 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि खतम इलेवन के गेंदबाज पूरण व्यास ने 3 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया और टीम को जीत दिलाई।
पुरस्कार और सम्मान
विजेता खतम इलेवन को ₹1,51,000 नगद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता फाइनेंस सर्किल को ₹75,000 नगद व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
स्पर्धा के व्यक्तिगत पुरस्कार :
प्लेयर ऑफ द मैच : पूरण व्यास
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट : अनिल निनामा
बेस्ट बैटर : शक्ति घोषरे
बेस्ट बॉलर : योगेंद्र सिंह
बेस्ट फील्डर : विपिंदर
बेस्ट ग्राउंड्समैन : शब्बीर
सभी ‘मैन ऑफ द मैच’ पुरस्कार स्व. श्रीमती श्यामा महेंद्र ओझा की स्मृति में असीम ओझा द्वारा प्रदान किए गए।
आयोजन की विशेष झलकियां
पूरे टूर्नामेंट में कुल 45 मैच खेले गए, जिसमें 620 चौके, 730 छक्के और केवल 6 मेडन ओवर दर्ज हुए, जो खिलाड़ियों की आक्रामक शैली को दर्शाता है। कार्यक्रम का संचालन यतेंद्र भारद्वाज ने किया, जबकि आभार मनीष शर्मा ने माना। कमेंट्री मालवा के प्रसिद्ध कवि चंचल चौहान (सिद्धू फेम), योगेंद्र सिंह जादौन, गोविंद मालवीय और भीम भाई द्वारा की गई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


