
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं मध्यप्रदेश शासन के सर्वोच्च खेल सम्मान “विक्रम पुरस्कार” से सम्मानित संजय वशिष्ठ को भारतीय बास्केटबॉल संघ ने एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पांडिचेरी में आयोजित होने वाली 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय बास्केटबॉल टीम का चयनकर्ता नियुक्त किया है।
भारतीय बास्केटबॉल संघ के सचिव कुलविंदर सिंह गिल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र संजय वशिष्ठ को प्राप्त हो चुका है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 22 से 29 मई 2026 तक पांडिचेरी में आयोजित होगी। वशिष्ठ 21 मई को पांडिचेरी रवाना होंगे। संजय वशिष्ठ खेल जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं और उन्हें चयन प्रक्रिया का व्यापक अनुभव प्राप्त है। इससे पहले भी वे भुवनेश्वर और पांडिचेरी में आयोजित जूनियर एवं यूथ नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में भारतीय बास्केटबॉल संघ की ओर से चयनकर्ता की भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा वे भारतीय रेल बास्केटबॉल टीम के चयनकर्ता भी रह चुके हैं।

खेल और सेवा से जुड़े संजय वशिष्ठ
वशिष्ठ जुलाई 2025 में पश्चिम रेलवे के रतलाम (Ratlam) मंडल से मुख्य वाणिज्य निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अनुभव को देखते हुए यह नियुक्ति रतलाम और प्रदेश के खेल जगत के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। वशिष्ठ की इस उपलब्धि पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन काश्यप, बास्केटबॉल जिला संघ अध्यक्ष सुशील अजमेरा, सुनील दुबे, अनुज शर्मा सहित खेल संगठनों, खिलाड़ियों, साथियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


