Ratlam Police’s initiative :  630 जमीन विवाद की शिकायतें, 450 केस का निराकरण

- बारिश से पहले खूनी संघर्ष रोकने के लिए सभी थानों में लगाए जमीन विवाद शिविर बन चुके राहत

Ratlam Police

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। खेत, रास्ते और जमीन संबंधी विवाद अक्सर बारिश के मौसम में गंभीर रूप ले लेते हैं। ऐसे मामलों को समय रहते सुलझाकर संभावित हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस (Ratlam Police) ने जिले के सभी थानों में पुलिस और राजस्व विभाग के संयुक्त शिविर आयोजित किए। शिविरों में बड़ी संख्या में लोग जमीन विवाद की अरसे से लंबित शिकायतें लेकर पहुंचे। एक ही दिन में कुल 630 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 450 मामलों का तत्काल निराकरण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के समाधान के लिए आगामी एक सप्ताह में कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर होगी नपती और पुलिस रहेगी साथ

जिन मामलों में सीमांकन या रास्ते के विवाद का समाधान मौके पर जाकर ही संभव है, वहां राजस्व विभाग की टीम भूमि की नपती करेगी। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई पूरी की जा सके।

विवाद बढ़ाने वालों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई

शिविरों के दौरान जिन मामलों में दोनों पक्षों के बीच तनाव अधिक पाया गया, उन्हें बाउंड ओवर किया गया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में विवाद या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कुछ जटिल मामलों में संबंधित पक्षों को न्यायालय की शरण लेने की सलाह भी दी गई।

SP ने निरीक्षण कर पीड़ितों की सुनी व्यथा

20260705 143121

रतलाम एसपी अमित कुमार (Ratlam SP Amit Kumar) ने औद्योगिक क्षेत्र थाना परिसर में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष बारिश से पहले खेतों और रास्तों को लेकर विवाद बढ़ जाते हैं, जो कई बार हिंसक संघर्ष का कारण बनते हैं। इसी आशंका को देखते हुए पहले ही समाधान की पहल की गई है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जमीन संबंधी विवाद की सूचना मिलते ही तत्काल हस्तक्षेप करें और किसी भी स्थिति में विवाद को हिंसा में बदलने से रोकें। इसके लिए मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जाएगी तथा संवेदनशील गांवों और पुराने विवादों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

संयुक्त सुनवाई से लोगों को मिली बड़ी राहत

20260705 142849

शिविर में पहुंचे कई लोगों ने पुलिस (Ratlam Police) और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई की सराहना की। लंबे समय से लंबित भूमि विवादों में कई मामलों का तत्काल समाधान निकलने से लोगों ने राहत महसूस की। जिन प्रकरणों का मौके पर निपटारा संभव नहीं था, उनमें आगे की कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट कर संबंधित पक्षों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कनेरी निवासी हकरीबाई बाबूलाल ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया। बंजली क्षेत्र के रघुवीर सिंह ने कहा कि तीन वर्षों से चल रहा जमीन विवाद अब सुलझ गया। वहीं मेडिकल कॉलेज रोड निवासी दिनेश गुर्जर ने बताया कि खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से पड़ोसी से विवाद था, लेकिन पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्ष रास्ते के साझा उपयोग पर सहमत हो गए।

पुलिस की अपील : कानून हाथ में न लें

रतलाम पुलिस (Ratlam Police) ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन या रास्ते से जुड़े किसी भी विवाद में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस और राजस्व विभाग से संपर्क करें तथा वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान कराएं। एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि आमजन की सुविधा और विवादों के त्वरित समाधान के लिए ऐसे संयुक्त शिविर भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!