

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। सावन के दूसरे सोमवार को रतलाम (Ratlam) में भगवान शिव की भक्ति का अलग ही रंग देखने को मिला। शहर में जगह-जगह शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और धार्मिक आयोजन हुए। इसी बीच घांस बाजार से निकली मौजीशंकर महादेव की शाही सवारी में जिंदा सांप से करतब दिखाने का मामला सामने आया। खास बात यह रही कि शाही सवारी में मौजूद भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के सामने ही कलाकार खुलेआम जिंदा सांप लेकर करतब करते नजर आए। जीव संरक्षण की रतलाम की सड़कों पर उड़ी धज्जियों के बावजूद पुलिस और जिला प्रशासन नतमस्तक बना रहा।
शाही सवारी में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और आरडीए उपाध्यक्ष प्रवीण सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान कलाकारों द्वारा जिंदा सांप को हाथों में लेकर और मुंह के पास रखकर करतब दिखाए गए। आयोजन में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद इस तरह के प्रदर्शन को रोकने की कोई कार्रवाई नजर नहीं आई।
शाही सवारी में जिंदा सांप से करतब
घांस बाजार स्थित मौजीशंकर महादेव मंदिर से सोमवार शाम भगवान मौजीशंकर महादेव की शाही सवारी निकाली गई। रथ में भगवान शिव को विराजित किया गया था। सवारी में धार्मिक झांकियों के साथ भूत-प्रेत की वेशभूषा में कलाकार भी शामिल हुए। इसी दौरान कुछ कलाकार जिंदा सांप लेकर भीड़ के बीच करतब दिखाते नजर आए। सांप को हाथों में लेकर और मुंह के पास रखकर किए गए इन करतबों का वीडियो सामने आने के बाद आयोजन की व्यवस्थाओं और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी में चलता रहा प्रदर्शन

मौजीशंकर महादेव की शाही सवारी में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।आरोप है कि इन्हीं की मौजूदगी में जिंदा सांप से करतब दिखाए जाते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात था, लेकिन सांप के प्रदर्शन को लेकर मौके पर रोक-टोक तक नहीं की गई।
जीव-प्राणी संरक्षण को लेकर उठे सवाल
जिंदा वन्यजीव को सार्वजनिक प्रदर्शन में इस्तेमाल किए जाने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। वन्यजीवों के प्रदर्शन और उनके साथ इस तरह के व्यवहार को लेकर कानून में प्रावधान हैं। ऐसे में धार्मिक आयोजन के नाम पर जिंदा सांप से करतब दिखाया जाना नियमों के पालन और प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, अभी तक इस मामले में संबंधित विभाग या पुलिस प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई या आधिकारिक बयान की जानकारी सामने नहीं आई है।
गोपालजी मंदिर में हुआ हरि-हर मिलन
शाही सवारी का समापन माणकचौक स्थित श्री गोपालजी के बड़े मंदिर में हुआ, जहां भगवान शिव और भगवान विष्णु के स्वरूपों का पारंपरिक हरि-हर मिलन कराया गया। इसके बाद महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
सावन सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी भीड़
सावन के दूसरे सोमवार को रतलाम जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। अमृत सागर तालाब किनारे स्थित प्राचीन श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर में भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। बिलपांक के विरुपाक्ष महादेव मंदिर, सैलाना के अडवानिया स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर और शहर के काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं ने कावड़ यात्राएं भी निकालीं। एक ओर पूरा शहर सावन सोमवार पर भगवान शिव की आराधना में डूबा रहा, वहीं मौजीशंकर महादेव की शाही सवारी में जिंदा सांप से कराए गए करतब ने धार्मिक आयोजनों में वन्यजीव संरक्षण नियमों के पालन को लेकर नया सवाल खड़ा कर दिया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


