


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) आबकारी विभाग ने सोमवार रात अलग-अलग क्षेत्रों में ढाबों पर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। आबकारी की टीम ने 5 ढाबों पर कार्रवाई की। ढाबा संचालक लोगों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिलवा रहे थे। बता दें कि सोमवार को वंदेमातरम् न्यूज ने डाट की पुल सहित पटरी पार क्षेत्रों में माफिया द्वारा शराब के अवैध कारोबार के बावजूद आबकारी विभाग के कार्रवाई नहीं करने पर प्रमुखता से सवाल खड़े किए थें। इसके अलावा सोमवार को ही कलेक्टर अजय कटेसरिया ने विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर फटकार भी लगाई थीं।




दरअसल, सोमवार को वंदेमातरम् न्यूज ने शहर में ब्लैक में बेची जा रही शराब के मुद्दे का समाचार प्रमुखता से प्रकाशन किया था। इसके पूर्व रतलाम कलेक्टर ने जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा की गई थी। इस दौरान कलेक्टर ने आबकारी विभाग एवं ड्रग इंस्पेक्टर की कार्रवाई पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों विभागों की कार्रवाई प्रभावी और लगातार दिखाई देनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा था कि वर्तमान में कार्रवाई यदि हो भी रही हैं तो वह जनता के बीच दिखाई नहीं दे रही हैं। इसके बाद वंदेमातरम् न्यूज द्वारा अवैध शराब के क्षेत्रों के नाम उजागर करते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। समाचार प्रकाशित होने के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप देखने के साथ रात में कार्रवाई की योजना के लिए टीमों का गठन किया गया था।



कलेक्टर ने बैठक में जताई थी नाराजगी
कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से सवाल किया, “क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई होते हुए देखी है, किसी ने सुना है या कहीं पढ़ा है?” लेकिन बैठक में कोई भी अधिकारी जवाब नहीं दे सका। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रतिदिन सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उसका प्रभाव भी दिखाई देना चाहिए। लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
ड्रग इंस्पेक्टर से मांगा था रिकॉर्ड
कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर से अगस्त माह के दौरान विभाग द्वारा की गई सभी कार्रवाई का विस्तृत विवरण मांगा। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में सबसे पहले इसी विषय पर चर्चा होगी और यह बताया जाएगा कि कितनी कार्रवाई की गई तथा उसके क्या परिणाम रहे।
ढाबे पर मिली अवैध शराब

वंदेमातरम् न्यूज में अवैध शराब बिक्री का मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद सोमवार रात सहायक आबकारी आयुक्त विकास मंडलोई के निर्देशन में रतलाम आबकारी विभाग की टीम मैदान में उतरी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे, सब इंस्पेक्टर पुष्पराज चौहान, सचिन भास्कर, ओमप्रकाश मालवीय एवं टीम ने अवैध शराब बेचने वाले एवं शराब दुकानों के आसपास शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने बस स्टैंड, शहर शराय, सज्जन मिल, बरबड़, साला खेड़ी, पावर हाउस, स्टेशन रोड स्थित शराब दुकान आदि दुकानों पर सघन चेकिंग की। दुकान के आसपास रोड पर एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। टीम ने गांधी नगर में चटका ढाबा, विनोबा नगर, देशी हांडी ढाबा बिरिया खेड़ी, विजिलेंस ढाबा बिरिया खेड़ी, जुलवानिया रोड पर जांच करते हुए कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


