


रतलाम/जावरा, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा (jaora) के प्रेसिडेंट होटल मामले में घटनाक्रम लगातार गंभीर होता जा रहा है। होटल में पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस की मौजूदगी में पकड़े गए दो बच्चों के पिता और शिक्षक विजय दगदी ने सोमवार सुबह सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार सल्फास की गोलियां खाने के बाद विजय दगदी स्वयं वाहन चलाकर जावरा स्थित राठौर नर्सिंग होम पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इससे पहले शनिवार शाम को इसी मामले से जुड़ी युवती द्वारा भी जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया था। उपचार के बाद युवती की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
आत्महत्या के प्रयास से पहले बनाया भावुक वीडियो
अस्पताल पहुंचने से पहले शिक्षक विजय दगदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वे भावुक होकर रोते हुए खुद को निर्दोष बताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने वीडियो में अपनी मौत के लिए जावरा सिटी पेज संचालक दीपक बोरीवाल को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। विजय ने वीडियो में आरोप लगाया कि होटल में उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने वीडियो हटाने के लिए हाथ जोड़कर आग्रह किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
पत्नी पर भी लगाए गंभीर आरोप
वायरल वीडियो में विजय दगदी ने पत्नी मंजू पर भी उन्हें फंसाने और बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है। वीडियो में विजय ने अपने सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए काम किया, आंदोलनों में भाग लिया और लाइब्रेरी भी बनवाई। उन्होंने अपने चरित्र को लेकर लगाए जा रहे आरोपों से भी इनकार किया।
दो दिनों में दो आत्महत्या प्रयासों से बढ़ी चिंता
प्रेसिडेंट होटल मामले से जुड़े घटनाक्रम में पहले शनिवार को युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने और अब सोमवार को शिक्षक द्वारा सल्फास खाने की घटना सामने आने से जावरा में चिंता का माहौल है। शिक्षक द्वारा वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शिक्षक विजय दगदी का रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले में सामने आए तथ्यों, वायरल वीडियो और संबंधित पक्षों के बयानों की जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


