


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री एवं रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप (Ratlam MLA Chetanya Kashyap) के प्रयासों से शहर के बंजली क्षेत्र में सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ के निर्माण के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कुल 13.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें 12.89 करोड़ रुपये निर्माण कार्य तथा 20 लाख रुपये निर्माण के बाद संचालन एवं संधारण के लिए स्वीकृत किए हैं।
इस परियोजना के पूरा होने से रतलाम के हॉकी खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मिली परियोजना
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप रतलाम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 जून 2025 को रतलाम के पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद परियोजना के लिए बंजली क्षेत्र में भूमि का चयन कर उसका आवंटन भी किया जा चुका है। प्रशासन द्वारा कुल 2.566 हेक्टेयर भूमि खेल एवं युवा कल्याण विभाग को आवंटित की गई है। अब निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने से परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
एस्ट्रोटर्फ के साथ बनेगा पवेलियन
बंजली में बनने वाले हॉकी स्टेडियम में सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ के साथ पवेलियन का भी निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा परिसर के चारों ओर बाउंड्रीवॉल और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।परियोजना के अंतर्गत विद्युत लाइन, टेलीफोन लाइन, ट्रांसफार्मर और सड़क सहित जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। इससे स्टेडियम को बेहतर खेल परिसर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
खिलाड़ियों को मिलेगी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधा
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्टेडियम खेल अधोसंरचना मद से राशि स्वीकृत किए जाने के बाद अब हॉकी एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। आधुनिक एस्ट्रोटर्फ उपलब्ध होने से स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, रतलाम में हॉकी के विकास और नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री और खेल मंत्री के प्रति जताया आभार
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस स्वीकृति को रतलाम के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


