


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी एवं धर्मनिष्ठ समाजसेवी तेजकुंवर बाई काश्यप के निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को दोपहर 12 बजे रतलाम (Ratlam) पहुंचेंगे। वे स्टेशन रोड स्थित मंत्री चेतन्य काश्यप के निवास विसाजी मेंशन पहुंचकर स्वर्गीय तेजकुंवर बाई काश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।

स्वर्गीय काश्यप के निधन पर आयोजित शोक सभा में विभिन्न वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और परिवार को दिए संस्कारों का स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय काश्यप धर्मनिष्ठ, कर्मनिष्ठ और संस्कारों की प्रतिमूर्ति थीं। उनके जीवन मूल्यों और परोपकार की भावना की छाप पूरे परिवार में दिखाई देती है। मंत्री चेतन्य काश्यप समाजसेवा और परोपकार का जो ध्वज लेकर आगे बढ़ रहे हैं, वह उनकी माताजी से मिले संस्कारों का ही परिणाम है।
संघर्षों में परिवार को संभाला, संस्कारों से बनाई पहचान
शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि पति श्री अशोककुमार काश्यप के आकस्मिक निधन के बाद श्रीमती तेजकुंवर बाई ने कम उम्र में ही पुत्र-पुत्री का पालन-पोषण करते हुए उन्हें संस्कारित किया और संघर्ष के बीच परिवार को मजबूती से संभाला। उनका जीवन त्याग, धैर्य, समर्पण और संस्कारों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। धार्मिक क्षेत्र में तप और आराधना के माध्यम से उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, वहीं सामाजिक जीवन में सेवा कार्यों के जरिए अमिट छाप छोड़ी। वक्ताओं ने कहा कि उनका निधन केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और पूरे शहर के लिए भी अपूरणीय क्षति है। शोक सभा को रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी, कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
आज शोक बैठक, कल उठावना
स्वर्गीय तेजकुंवर बाई काश्यप की स्मृति में शोक बैठक 13 अक्टूबर 2026 को शाम 5 से रात 9 बजे तक स्टेशन रोड स्थित निवास विसाजी मेंशन पर रखी गई है। उठावना, श्रद्धांजलि सभा एवं शोक निवारण कार्यक्रम 14 अक्टूबर 2026 को शाम 4 से 5:30 बजे तक विधायक सभागृह, बरबड़ में आयोजित होगा। इसमें परिजन, शुभचिंतक और शहरवासी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


