

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर के बाजना रोड स्थित जामण नदी के समीप शुक्रवार देर रात एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रितेश मईड़ा के रूप में हुई है। शव की हालत काफी खराब थी। युवक के पेट से आंतें बाहर निकली हुई थीं। शरीर पर चोट के निशान के साथ ही गले पर भी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान बताए जा रहे हैं। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए उसके साथ गए दोस्तों पर संदेह जताया है।



दोस्तों के साथ घर से निकला फिर नहीं लौटा
मृतक के बड़े भाई हिमांशु मईड़ा के अनुसार, रितेश गुरुवार रात करीब 9.30 बजे घर से निकला था। इस दौरान बाइक से आए उसके दो दोस्त उसे अज्जू बौरासी की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए स्टेशन क्षेत्र में ले गए थे। देर रात तक रितेश के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।

शुक्रवार रात पुलिस ने दी शव मिलने की सूचना
हिमांशु ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक रितेश का कोई सुराग नहीं मिलने पर डीडी नगर थाने में सूचना दी गई थी। इसी बीच शुक्रवार रात पुलिस की ओर से जामण नदी के पास एक युवक का शव मिलने की जानकारी दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान रितेश के रूप में हुई। शव पर चोटों के निशान और पेट की गंभीर स्थिति देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई।
पार्टी के बाद युवकों के साथ देखे जाने का दावा
हिमांशु के मुताबिक, जन्मदिन की पार्टी के बाद रितेश को आखिरी बार सोमिल वर्मा, पीयूष राठौड़, विकास मेघवाल और सौरभ वर्मा के साथ देखा गया था। इनके अलावा यश खरे और रितेश का दोस्त अमन बच्चा भी उनके साथ मौजूद था। भाई ने बताया कि अमन बच्चा को गुरुवार रात करीब 2:30 बजे राम मंदिर क्षेत्र में बाइक से उतारने की बात सामने आई है। हिमांशु ने आशंका जताई कि किसी विवाद के चलते रितेश की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और इसमें किसी की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम रूम में रखा शव
रितेश के परिवार में पिता शंभू मईड़ा, मां उमा, बड़ा भाई हिमांशु और छोटा भाई तेजस हैं। चार भाई-बहनों में रितेश दूसरे नंबर पर था। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। युवक का शव मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम रूम में रखा गया है। खबर लिखे जाने तक पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी। परिजन और परिचित मेडिकल कॉलेज में मौजूद थे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



