

भोपाल, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजनीतिक और प्रशासनिक समीकरणों में बड़ा बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री ( CM) डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का दायित्व छोड़ दिया है। अब उनकी जगह प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चेतन्य काश्यप ( Minister Chetanya Kashyap) को इंदौर जिले का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति के साथ ही मंत्री चेतन्य काश्यप (Minister Chetanya Kashyap) के कंधों पर इंदौर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा, प्रशासनिक समन्वय और जिले से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं एवं गतिविधियों की जिम्मेदारी (Responsibility) आ गई है। इस बदलाव को प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया नियुक्ति आदेश
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने बुधवार देर शाम को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। उप सचिव शैलेंद्र कुमार हनोतिया के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार, मंत्री चेतन्य काश्यप को उनके वर्तमान विभागीय दायित्वों के साथ इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अब तक मुख्यमंत्री के पास था प्रभार
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब तक स्वयं इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का दायित्व संभाल रहे थे। शासन के नए आदेश के बाद यह जिम्मेदारी चेतन्य काश्यप को सौंप दी गई है। मुख्यमंत्री द्वारा इंदौर जिले का प्रभार छोड़ने और चेतन्य काश्यप को यह जिम्मेदारी दिए जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कार्यों की समीक्षा और समन्वय की होगी जिम्मेदारी
प्रभारी मंत्री के रूप में चेतन्य काश्यप अब इंदौर जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे। जिले में होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों और विकास कार्यों की समीक्षा में भी उनकी भूमिका अहम रहेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रतिलिपि
जीएडी द्वारा जारी नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल के प्रमुख सचिव, प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिवों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों और आयुक्त जनसंपर्क सहित संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को भेज दी गई है। मंत्री चेतन्य काश्यप को इंदौर जैसे महत्वपूर्ण जिले का प्रभारी बनाए जाने को उनके राजनीतिक और प्रशासनिक दायित्वों में एक महत्वपूर्ण विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



