रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
एक सप्ताह तक ठंड से मिली राहत के बाद मौसम फिर करवट बदलने जा रहा है। शुक्रवार को हिमाचल में हिमपात के बाद मौसम वैज्ञानिकों ने रतलाम सहित प्रदेशभर में 15 जनवरी (मकर संक्रांति) से शीतलहर के साथ पारे में तेजी से गिरावट के संकेत जारी कर दिए हैं।
रतलाम जिले में सीजन का न्यूनतम तापमान 5 दिसंबर को 6.2 डिग्री दर्ज किया था। इसके बाद हवाओं का रुख दक्षिणी होने से पारे में बढ़ोतरी देखने के साथ कपकपी से राहत मिली। तापमान में तेजी से हुई गिरावट से कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने ऐहतियात बतौर प्राथमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिए थे। इसके पूर्व स्कूल के समय में बदलाव का आदेश जारी हुआ था। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ों पर शुक्रवार से बर्फबारी शुरू हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर 15 जनवरी (मकर संक्रांति) से मध्य प्रदेश में फिर कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने की संभावना है।
जिले के समीपस्थ राजस्थान में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से पाकिस्तान के मध्य में एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में वर्षा होने की भी संभावना है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


