Ratlam : वर्षों का इंतजार खत्म, 5 कॉलोनियों के हजारों लोगों को मिलेगी अब सुविधा

- मंत्री काश्यप बोले - नागरिकों की गलती नहीं, कॉलोनाइजर जिम्मेदार

Facility to be available in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर की अनाधिकृत और अवैध कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 30 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद वार्ड 11, 12 और 17 की पांच कॉलोनियों में सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना के तहत इन क्षेत्रों में सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया, जिससे हजारों नागरिकों को बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

20260528 075353

वार्ड क्रमांक 12 स्थित मनीष नगर के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना अपना घर बनाने का होता है। ऐसे नागरिक जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से प्लॉट खरीदे, उनकी कोई गलती नहीं है। उन्होंने कहा कि अवैध और अनाधिकृत कॉलोनियां बसाने की जिम्मेदारी कॉलोनाइजरों की है, लेकिन वहां रहने वाले नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता।

हर नागरिक को मूलभूत सुविधाओं का अधिकार

मंत्री काश्यप ने कहा कि शासन के प्रयासों से अब अनाधिकृत कॉलोनियों में तेजी से सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इन क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू होने से लोगों में नई उम्मीद और खुशी का माहौल है। उन्होंने रतलाम में विकसित हो रहे 1500 हेक्टेयर के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन यहां 450 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है, जबकि तीन उद्योग समूह करीब 8 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के बीच रतलाम का इंडस्ट्रियल कॉरिडोर महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

रतलाम बना प्रदेश का मॉडल : महापौर प्रहलाद पटेल

Ratlam महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि अनाधिकृत कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में मंत्री चेतन्य काश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से रतलाम प्रदेश में अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण और विकास का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल के भीतर अनाधिकृत कॉलोनियों में सड़क निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया गया है। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना 2025-26 के तहत 39 कॉलोनियों में 12.67 करोड़ रुपए की लागत से सीसी सड़कें बनाई जाएंगी, जिसके अंतर्गत वार्ड 11, 12 और 17 की कॉलोनियों में भी सड़क निर्माण होगा।

5 कॉलोनियों को मिलेगा सीधा लाभ

इस परियोजना से सिद्धार्थ नगर, तुलसी नगर, सुभाष गृह निर्माण, कस्तूरबा गृह निर्माण, विद्या विहार, मनीष नगर और एम.बी. नगर सहित क्षेत्र की कई कॉलोनियों के हजारों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। लंबे समय से खराब सड़कों और आवागमन की समस्याओं से जूझ रहे नागरिकों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

घोषणाओं को जमीन पर उतारने का दावा

निगम अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद मनीषा शर्मा ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में अनाधिकृत कॉलोनियों को विकसित दर्जा देने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया गया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कस्तूरबा नगर मुख्य मार्ग को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित किया जा चुका है और जल्द ही गली नंबर 8 के मैदान में शहर का एक उत्कृष्ट उद्यान विकसित किया जाएगा।

क्षेत्रीय विकास को मिली नई गति

कार्यक्रम में Ratlam भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने दावा किया कि शहर की 80 प्रतिशत कॉलोनियों में सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष क्षेत्रों में भी तेजी से काम किया जाएगा। वार्ड 17 की पार्षद अनिता कटारा ने कहा कि विकास कार्यों ने क्षेत्र की तस्वीर बदली है और वार्ड में सड़क, पेयजल तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे कई कार्य हुए हैं। कार्यक्रम में भाजपा एवं नगर निगम के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। संचालन संतोष कुमार जोशी ने किया तथा आभार सेवानिवृत्त प्राचार्य एस.एल. गौर ने माना।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!