रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह शनिवार को निजी यात्रा पर रतलाम पहुंचे। बताया जा रहा है कि यहां वो पूर्व मंत्री प्रभुदायल गेहलोत के पौते, सैलाना पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर के पुत्र एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत के भतीजे जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हनी गेहलोत के विवाह समारोह में शामिल होने आए। रतलाम में वह कॉलेज रोड पर कांग्रेस नेता सतीश पुरोहित के निवास पर मोबाइल भूलने के बाद बीच सड़क पर काफिला रुकवाया। इसके अलावा सर्किट हाउस पर जिला प्रभारी मंत्री विजय शाह और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का आमना-सामना होकर आत्मीय मिलन भी हुआ। दोनों एक दूसरे के गले मिले। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के नेता ठहाके लगाते दिखाई दिए।


पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रतलाम सर्किट हाउस पर ठहरने के बाद सैलाना रवाना हुए। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने सैलाना स्थित बोदिना रोड पर काफिले के साथ गेहलोत के विवाह कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, पूर्व विधायक गेहलोत व दूल्हे हनि गेहलोत को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर गेहलोत परिवार सहित राजस्थान के पूर्व मंत्री अर्जुन बामनिया, पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, पूर्व मंडी अध्यक्ष श्रीराम चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश कुमावत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।
गुम मोबाइल के लिए परेशान दिखे दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेता सतीश पुरोहित के घर मिलने भी गए थे। कांग्रेस नेता के घर से वापसी के बाद जब दिग्विजय का काफिला रवाना हुआ, इसी दौरान दिग्विजय सिंह समेत उनके काफिले के वाहन अचानक बीच सड़क पर रुक गए।सभी सुरक्षाकर्मी और कार्यकर्ता दौड़कर दिग्विजय सिंह के वाहन के पास पहुंचे। इस दौरान पता चला कि दिग्विजय सिंह का मोबाइल फोन कहीं खो गया। दिग्विजय सिंह खुद भी फोन के गुमने से खासा चिंतित नजर आए। ये पूरा घटनाक्रम मीडिया ने अपने कैमरे में कैद भी किया। दिग्विजय सिंह बार-बार एक अन्य फोन से अपने गुम फोन पर रिंग भी करते रहे। यही नहीं, वो अपनी कार में भी सीटों के बीच फोन को तलाश करते नजर आए। दिग्विजय सिंह को चिंतित देख कांग्रेस नेता सतीश पुरोहित ने तत्काल अपने घर फोन लगाकर दिग्विजय सिंह का फोन तलाशने को कहा। घर वालों से पुरोहित को पता चला कि फोन घर में उसी स्थान पर रखा है, जहां दिग्विजय सिंह आकर बैठे थे। फोन मिलने की सूचना मिलने पर दिग्विजय सिंह ने राहत की सांस ली।
प्रभारी मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री का आत्मीय मिलन
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह और जिले के प्रभारीमंत्री विजय शाह जब सर्किट हाउस में मिले तो माहौल खुशनुमा हो गया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी लंबे समय बाद ऐसा नजारा देख कर दंग रह गए। रतलाम सर्किट हाउस पर शनिवार सुबह जब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह सर्किट हाउस से सैलाना जाने के लिए निकल रहे थे उसी समय प्रभारी मंत्री विजय शाह सर्किट हाउस आए। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने देखा तो तत्काल रूक गए और उनके स्वागत के लिए माला लेकर आगे बढ़े। मंत्री शाह भी तत्काल दिग्गी राजा के पास पहुंचे और विनम्रता से उनके हाथ पकड़ कर झुक कर प्रणाम किया। सिंह ने मंत्री शाह को गले लगाते हुए कहा “अरे विजय तुम्हारे तो सारे बाल सफेद हो गए” इसके बाद वहां हंसी का फव्वारा फूट गया। मंत्री शाह भी हंस दिए। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने प्रभारी शाह के घुटनों के सर्जरी की लेकर भी हालचाल पूछा। इसके बाद दोनो वहां से विदा हो गए।