


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर में बुधवार देर रात एक वाट्सऐप संदेश के बाद बड़ी संख्या में हिंदू समाजजन त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंच गए। रात करीब 12 बजे तक युवाओं के साथ व्यापारी, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, भाजपा कार्यकर्ता और अन्य नागरिक वहां एकत्र होते रहे। कई युवा भगवा गमछे पहने हुए थे और जय-जय श्रीराम के नारे लगाते हुए पहुंचे।



मुक्तिधाम पर हुई चर्चा में आगामी अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के लिए सामूहिक चल समारोह आयोजित करने पर सहमति जताई गई। इस दौरान शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में हिंदू समाजजनों को एकत्र करने का आह्वान भी किया गया।



वाट्सऐप संदेश के बाद बढ़ती गई भीड़
बताया गया कि देर रात प्रसारित संदेश में लोगों से रात 12 बजे त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंचने की अपील की गई थी। संदेश में दिनभर शहर में हुए घटनाक्रम और बंद का उल्लेख करते हुए शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी भावनाएं व्यक्त करने की बात कही गई थी। संदेश के प्रसारित होने के बाद अलग-अलग इलाकों से लोग मुक्तिधाम पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां लोगों की संख्या बढ़ गई और आगामी धार्मिक आयोजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
अलग-अलग जुलूस के बजाय सामूहिक आयोजन पर जोर
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि इस बार गणेश विसर्जन के दौरान अलग-अलग चल समारोह निकालने के बजाय सामूहिक रूप से आयोजन किया जाना चाहिए। इसे लेकर आने वाले दिनों में विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस दौरान अनंत चतुर्दशी पर रतलाम में एक से डेढ़ लाख तक हिंदू समाजजनों को एकत्र करने का आह्वान भी किया गया।
6 सितंबर को जेएमडी पैलेस में बड़ी बैठक
मुक्तिधाम पर हुई चर्चा के दौरान आगामी 6 सितंबर 2026 को जेएमडी पैलेस में हिंदू समाज की बड़ी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में अनंत चतुर्दशी के आयोजन सहित अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों ने रखी नजर

वाट्सऐप संदेश के वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय नजर आई। भीड़ के बीच सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते रहे। मौके पर किसी बड़े पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी दिखाई नहीं दी। भीड़ के समाप्त होने के बाद एएसपी राकेश पंद्रो भी त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंचे।
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के बाद घटनाक्रम
आधी रात हुए इस जमावड़े को बुधवार को रतलाम शहर में निकले ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के बाद की प्रतिक्रिया के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, हिंदू समाज को एकत्र होने का आह्वान करने वाला कोई व्यक्ति मौके पर सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया।
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में बंधक रहा रतलाम
बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुआ ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शाम करीब 4 बजे तक चला। जुलूस के दौरान डीजे और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा डीजे की कोलाहल से हालत ऐसे बने कि लोगों के घरों के बर्तन जमीन पर गिरने के साथ वृद्धजन और बच्चों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


