


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रतलाम (Ratlam) में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं संस्थागत आयोजनों में राष्ट्रध्वज फहराकर आजादी की 80वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई। जिले में जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।



सैलाना विधायक कार्यालय में विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ झंडा वंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की स्वतंत्रता और संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।




इसी प्रकार संत कंवरराम सिंधु नगर, विरियाखेड़ी रोड स्थित श्री गुरु नानक भवन में 15 अगस्त 2026 को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। शहीद हेमू कालाणी चैरिटेबल ट्रस्ट, पूज्य सिंधी पंचायत एवं भारतीय सिंधु सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत अमर बलिदानी शहीद हेमू कालाणी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।

नगर निगम भवन पर महापौर प्रहलाद पटेल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत पूरे विश्व में शांति का प्रतीक माना जाता है। लाखों शहीदों के बलिदान के बाद देश को लंबे संघर्ष से आजादी मिली है। हमें देश की अखंडता और अक्षुण्णता को और मजबूत बनाने के लिए एकजुट रहते हुए अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सजग रहना होगा। निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है और इसे कायम रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पार्षद यास्मीन शैरानी ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए आजादी की विरासत को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। निगम आयुक्त अनिल भाना ने शहर के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन गोपाल झालीवाल ने किया।

महलवाड़ा स्थित धर्मशाला में राजपुरोहित समाज ने भी स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। समाज के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजपुरोहित एवं महिला जागृति मंच की अध्यक्ष कविता राजपुरोहित ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन निकुंभ राजपुरोहित ने किया तथा आभार नंदलाल मंडलोई ने माना।
इसी क्रम में भील समाज की ऐतिहासिक सामाजिक धरोहर भील विश्रांति गृह (भील धर्मशाला) को बचाने के संकल्प के साथ विभिन्न आदिवासी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में ध्वजारोहण किया गया। आदिवासी एकता परिषद, अखिल भारतीय भील समाज, जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस), आदिवासी छात्र संगठन, वीर एकलव्य आदिवासी सामाजिक सेवा संस्था, महाराणा पूंजा भील जन कल्याण संगठन, मध्य प्रदेश अजाक्स संगठन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की ऐतिहासिक धरोहर और पूर्वजों के इतिहास का संरक्षण किया जाएगा तथा इसके लिए हर संभव संघर्ष किया जाएगा।
शहर के इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


