– परिवहन घोटाले के आरोपियों को जमानत मिलने पर कांग्रेस का हल्ला बोल
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। बहुचर्चित परिवहन घोटाले के मुख्य आरोपी सौरभ शर्मा और उसके साथियों को मात्र दो माह में ही जमानत मिलने पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत के निर्देश पर सैलाना ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार शाम को नगर के सब्जी मंडी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला जलाया गया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और नगर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योजना बदलते हुए अचानक पैलेस चौराहे के सामने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक पुतला जलकर राख हो चुका था। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, विधानसभा उपाध्यक्ष हनी गेहलोत, पूर्व मंडी अध्यक्ष श्रीराम चौधरी, पार्षद मंगलेश कसेरा, पार्षद प्रतिनिधि राजेश पाटीदार, गोपाल काग, अखिल राठौड़, महेश सांवरिया, रजत मांडोत, दीपु प्रजापत, आयुष रांका और मितेश सोनी शामिल हुए। नेताओं ने आरोप लगाया कि यह जमानत सरकार के इशारे पर दी गई है और इसमें सरकारी संरक्षण की बू आती है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से जुड़े इस बड़े घोटाले में सरकार की भूमिका संदिग्ध है।