
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम-इंदौर फोरलेन (Ratlam-Indore Four-lane) पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे (Accident) में रतलाम जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष सिंह (42) और 80 वर्षीय शिवनारायण राजौरिया की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब भोपाल से रतलाम लौट रही कार पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार अन्य परिजन भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 3:30 बजे धराड़ गांव के आगे और टोल प्लाजा से पहले स्थित एक छोटी पुलिया पर हुआ। कार अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
परिवार के सात सदस्य थे कार में सवार
डॉ. मनीष सिंह परिवार के साथ भोपाल से रतलाम लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी स्टेफनी गुप्ता, दोनों बेटियां रैना और सयाना (7 वर्ष), साढ़ू अजय गुप्ता, उनकी पत्नी लवलीना गुप्ता तथा शिवनारायण राजौरिया भी सवार थे। कार अजय गुप्ता चला रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डॉ. मनीष सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवनारायण राजौरिया ने सोमवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस और एम्बुलेंस ने मौके पर किया राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस और टोल प्लाजा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन एमजी हेक्टर (क्रमांक MP-04-CZ-5519) बताया गया है।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा होना सामने आया है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके थे डॉ. मनीष सिंह
डॉ. मनीष सिंह पिछले करीब एक वर्ष से रतलाम में पदस्थ थे और जिला चिकित्सालय में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रहे थे। जून माह में तत्कालीन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संध्या बेलसेरे के अवकाश पर रहने के दौरान उन्होंने एक माह से अधिक समय तक प्रभारी सीएमएचओ का दायित्व भी संभाला था। इससे पहले वे भोपाल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। मूल रूप से वे ग्वालियर के निवासी थे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


