
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर के धार्मिक इतिहास में पहली बार किसी संत का महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक किया जाएगा। श्री पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के तत्वावधान में 17 जून 2026 को सैलाना के ग्राम आडवाणिया स्थित आश्रम के महंत श्री श्री 1008 आनंद गिरि महाराज का महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक संपन्न होगा। इस अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में संत-महात्माओं का आगमन होगा।
स्वामी रवींद्रपुरी महाराज करेंगे अध्यक्षता
पट्टाभिषेक महोत्सव की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा के प्रमुख 1008 स्वामी रवींद्र पुरी महाराज करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ों और पीठों से जुड़े अनेक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
सुबह निकलेगी संतों की भव्य पेशवाई
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे श्री राम मंदिर से संत पेशवाई (शोभायात्रा) के साथ होगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सैलाना रोड स्थित श्रीजी पैलेस पहुंचेगी। पेशवाई में संतों के दिव्य रथ, आकर्षक झांकियां, सुसज्जित वाहन तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
11:30 बजे होगा वैदिक रीति से पट्टाभिषेक
श्रीजी पैलेस में सुबह 11:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक विधि-विधानों के साथ महंत आनंद गिरि महाराज का महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात धर्मसभा आयोजित होगी, जिसमें संत समाज धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त करेगा।
देशभर के प्रमुख संत होंगे मौजूद
महोत्सव में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष 1008 महंत रवींद्र पुरी महाराज, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, आनंद अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज, महामंडलेश्वर वैराग्यानंद गिरी महाराज, पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत रामरतन गिरी महाराज तथा चारधाम आश्रम उज्जैन के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
शिवोदय शिवशक्ति साधना सेवा संस्था, केदारेश्वर रोड पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं आडवाणिया आश्रम के अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार ने बताया कि संतों के पावन सान्निध्य में यह आयोजन वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न होगा। संस्था के पदाधिकारियों महर्षि संजय शिवशंकर दवे, महामंत्री काजल गुरु (जागीरदार), संजय दवे और समरथ पाटीदार ने धर्मप्रेमी नागरिकों से इस ऐतिहासिक पट्टाभिषेक महोत्सव और संतों की पेशवाई में शामिल होने का आह्वान किया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


