
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान से राहत पाने के उपाय तलाश रहा है, वहीं रतलाम (Ratlam) के कुछ युवा बेजुबान पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए सेवा भाव के साथ मैदान में उतरे हैं। शहर में चिराग असरानी मित्र मंडल द्वारा 24 मई 2026 से “हौदी सफाई अभियान” लगातार चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बनी हौदियों की सफाई कर उनमें स्वच्छ एवं शुद्ध जल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
सिर्फ पानी नहीं, स्वच्छ जल उपलब्ध कराने का संदेश
अभियान के अंतर्गत पुरानी हौदियों की सफाई, रंगाई-पुताई और नियमित जल भराव का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही रतलाम (Ratlam) के अलग-अलग स्थानों पर नई हौदियां स्थापित करने की पहल भी की जा रही है। मंडल के सदस्य स्थानीय नागरिकों को हौदियों की नियमित सफाई और जल भराव की जिम्मेदारी लेने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। अभियान से जुड़े चिराग असरानी ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल पानी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को स्वच्छ और सुरक्षित जल उपलब्ध कराने के प्रति समाज को जागरूक करना है।

हर नागरिक से एक हौदी की जिम्मेदारी लेने की अपील

मंडल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस सेवा अभियान से जुड़ें और अपने घर, मोहल्ले या प्रतिष्ठान के आसपास कम से कम एक हौदी की देखरेख, सफाई और जल संरक्षण की जिम्मेदारी लें। उनका कहना है कि सामूहिक प्रयासों से ही भीषण गर्मी में बेजुबानों की मदद संभव हो सकेगी।
युवा टीम निभा रही सेवा का दायित्व
इस अभियान में मुख्य रूप से लक्की शर्मा, मयूर व्यास, निमिराज चौहान, वीरेंद्र गोराणा, अंश व्यास, पुष्पेन्द्र सोनी, नितिन मंडोरा, ऋषि बघेल, अविनाश डिंडोर, दिव्यांश कावडिया, लवेश इसरानी और कृष्णा व्यास सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। टीम ने शहर के नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से भी इस जनसेवा कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की है।
अभियान से जुड़ने के लिए संपर्क करें
अभियान से जुड़ने, अपने क्षेत्र में हौदी की सफाई करवाने या नई हौदी लगवाने के इच्छुक नागरिक मोबाइल नंबर 7828114430 पर संपर्क कर सकते हैं। युवाओं का संदेश साफ है—“आपकी छोटी-सी पहल किसी बेजुबान की जिंदगी बचा सकती है।”
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


