– डेढ़ साल वाले जिला अध्यक्ष होंगे रिपीट, रतलाम में वर्तमान जिलाध्यक्ष उपाध्याय का नाम तय
भोपाल, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश भाजपा 60 संगठनात्मक जिलों में से 45 जिले के अध्यक्ष फाइनल कर दिए हैं। 15 जिलों को भाजपा ने होल्ड किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में इन जिलों को लेकर मंथन किया। ये वे जिले हैं जहां सांसद विधायकों का राजनीतिक दबाव अधिक है। खास बात यह है कि एक से डेढ़ साल वाले जिला अध्यक्ष रिपीट किए जा सकते हैं। इनमें युवाओं और अनुभवियों को मौका दिया जाएगा। हालांकि, चार साल से अधिक समय वाले जिला अध्यक्ष रिपीट नहीं किए जाएंगे। इनकी जगह नए चेहरों को जिले की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। मध्य प्रदेश भाजपा 45 जिलों के अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा अब जल्द कर सकती है।
तय फार्मूले के तहत प्रदेश में चार से पांच सीटों पर महिला नेत्रियों को जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा। इनमें बड़े शहरी जिलों की कमान महिला नेत्रियों को दी जा सकती है। जिला अध्यक्षों की सूची लगभग फाइनल हो गई है। दिल्ली से स्वीकृति के बाद इसे जारी कर दिया जाएगा। सबसे अधिक चुनौती इंदौर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सतना सहित अन्य जिलों को लेकर है। यहां पर जिला अध्यक्ष को लेकर खींचतान मची हुई है। सागर में तो पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और विधायक शैलेंद्र जैन अपने-अपने चहेतों को जिला अध्यक्ष बनाने का पार्टी पर दबाव भी बना रहे हैं। इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सुमित्रा महाजन का दबाव है। ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने चहेतों को जिला अध्यक्ष बनवाने के लिए लगे हुए हैं तो जबलपुर में भी जिला अध्यक्ष को लेकर खींचतान मची है। नरसिंहपुर में जिला अध्यक्ष को लेकर यही हाल है।
रतलाम जिलाध्यक्ष का नाम लगभग तय
रतलाम जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए वर्तमान जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय का नाम तय है। रायशुमारी में भी उनका नाम सबसे ऊपर था, लेकिन अंदरखाने चर्चा उलटफेर की बताकर कुछ पार्टी में अपना दबदबा बताने की कोशिश कर रहे थे। बता दें कि उपाध्याय 26 जनवरी 2024 को जिलाध्यक्ष बने थे। इसके बाद चुनाव में व्यस्त हो गए। कार्यकारिणी बनाने का भी मौका नहीं मिला। मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष से नजदीकी होने के कारण उनके नाम पर किसी को एतराज भी नहीं है। इसके अलावा 11 माह के कार्यकाल में वर्तमान जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने सभी गुटों को साथ लेकर चलने का काम भी पार्टी को बखूबी करके दिखाया है, उससे संगठन वर्तमान जिलाध्यक्ष उपाध्याय से काफी खुश हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


